मंतूराम के मैदान छोड़ने के पीछे कुछ कांग्रेसी भी

By Edited By: Publish:Mon, 01 Sep 2014 05:20 AM (IST) Updated:Mon, 01 Sep 2014 01:33 AM (IST)
मंतूराम के मैदान छोड़ने के पीछे कुछ कांग्रेसी भी

रायपुर [ब्यूरो]। अंतागढ़ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे मंतूराम पवार के मैदान छोड़ने के पीछे कुछ कांग्रेस नेताओं का भी हाथ है। यह बयान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने दिल्ली रवाना होने के पहले दिया। साथ में कहा इस घटना के लिए भाजपा जिम्मेदार है। इसकी शिकायत चुनाव आयोग से भी की जाएगी।

अंतागढ़ उपचुनाव से मंतूराम के मैदान छो़़डने के बाद कांग्रेस हाईकमान ने बघेल और सिंहदेव को तलब किया है। इस पर दोनों रविवार शाम दिल्ली रवाना हुए।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक दोनों हाईकमान को पूरी रिपोर्ट देंगे। करीब 8 पन्नों की रिपोर्ट में संगठन के विरोधियों के नाम भी हैं। रिपोर्ट में ऐसे तत्वों को पार्टी से निष्कासित करने की सिफारिश की गई है।

मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा मंतूराम प्रकरण में भाजपा जिम्मेदार है। वह पैसे के दम पर चुनाव जीतना चाहती है। दूसरे निर्दलीय प्रत्याशियों को भी पैसे से खरीदकर नाम वापसी कराई गई। इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की जाएगी। इस बीच बघेल और सिंहदेव के हर कदम पर विरोधियों की भी नजर है। एयरपोर्ट में कुछ विरोधी भी सक्रिय थे।

पत्नी ने भी छोड़ दी पार्टी

अंतागढ़ उपचुनाव में मैदान छोड़ने वाले मंतूराम पवार की पत्नी एवं युवक कांग्रेस की प्रदेश महासचिव सविता पवार ने भी युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उत्तम वासुदेव को इस्तीफा सौंप दिया है, जिसे मंजूर कर लिया गया। इसकी वजह व्यक्तिगत बताई है।

सूत्रों के मुताबिक मंतूराम के मैदान छोड़ने के बाद से सविता पर कार्रवाई की चर्चा थी। राष्ट्रीय एवं प्रदेश युवक कांग्रेस ने इसकी तैयारी भी कर ली थी।

chat bot
आपका साथी