नक्सलियों के निशाने पर औद्योगिक क्षेत्र की कंपनियां

By Edited By: Publish:Mon, 11 Aug 2014 05:55 AM (IST) Updated:Mon, 11 Aug 2014 01:53 AM (IST)
नक्सलियों के निशाने पर औद्योगिक क्षेत्र की कंपनियां

रायपुर [ब्यूरो]। राजधानी में नक्सलियों के शहरी नेटवर्क को संचालित करने वाली महिला नक्सली सोनी उर्फ श्यामबती ने पुलिस और एसआईबी की पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं। इस जानकारी के आधार पर एसआईबी की टीम राजधानी के औद्योगिक क्षेत्र उरला, सिलतरा और भनपुरी की कई कंपनियों की जांच की तैयारी में है।

पुलिस मुख्यालय के सूत्रों के अनुसार, कांकेर, कोंडागांव, सुकमा, दंतेवाड़ा के कई नक्सली कमांडर नाम और पहचान बदलकर औद्योगिक क्षेत्रों में शरण लिए हुए हैं। छह महीने पहले एसआईबी की गिरफ्त में आए बद्री गावडे़ के साथ नक्सलियों के शहरी नेटवर्क को बढ़ाने वाली महिला नक्सलियों का खुलासा हुआ है। कंपनियों में बिना जांच-पड़ताल के नौकरी देने का फायदा उठाकर ये नक्सली राजधानी में पैर पसार रहे हैं।

महिला नक्सली के वीडिया में दिखे सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी अग्निवेश से पूछताछ की तैयारी है। एसआईबी के पास स्वामी अग्निवेश और महिला नक्सली श्यामबती के कई वीडियो हैं। आला अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले भी सामाजिक कार्यकर्ताओं के नक्सलियों से संबंध होने का खुलासा हुआ था।

पुलिस की गिरफ्त में आए बद्री गावडे़ ने भी बताया था कि एनजीओ संचालक प्रभात पट्टावी भी सामाजिक कार्यकर्ताओं को नक्सली नेताओं से मिलवाने ले जाया करता था। पट्टावी से भी पूछताछ होगी। दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रोफेसर नंदिनी सुंदर का नाम भी सामने आया था।

महिला नक्सलियों को नारायणपुर पुलिस को सौंपा

शनिवार को गिरफ्तार महिला नक्सलियों श्यामबती और जलदोई को नारायणपुर पुलिस को सौंपा गया।

नारायणपुर एसपी अमित कांबले ने बताया दोनों से पूछताछ कर कोर्ट में पेश किया गया। श्यामबती के खिलाफ नारायणपुर थाना छोटेडोंगर में 4 मामले दर्ज हैं। एक स्थायी वारंट भी लबित है। थाना धौंड़ाई में 4 अपराध दर्ज हैं और गिरफ्तारी के लिए दस हजार का ईनाम भी घोषित किया गया है।

chat bot
आपका साथी