छत्तीसगढ़ कांग्रेस कार्यकारिणी पर दिल्ली में होगी माथापच्ची

By Edited By: Publish:Mon, 07 Jul 2014 06:28 AM (IST) Updated:Mon, 07 Jul 2014 01:07 AM (IST)
छत्तीसगढ़ कांग्रेस कार्यकारिणी पर दिल्ली में होगी माथापच्ची

रायपुर [ब्यूरो]। कांग्रेस की नई प्रदेश कार्यकारिणी पर दिल्ली में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के बीच माथापच्ची होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव रविवार को दिल्ली रवाना हो गए हैं। दोनों नेताओं की राष्ट्रीय कोषषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा और पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी से चर्चा हो सकती है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक दोनों नेताओं ने कार्यकारिणी के लिए अभी तक नाम नहीं दिए हैं। वहीं जोगी प्रदेश नेतृत्व में परिवर्तन की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा वोरा गुट भी प्रदेश नेतृत्व के कार्यो से नाराज बताए जा रहे हैं। यही वजह है कि कांग्रेस की नई कार्यकारिणी अटकी हुई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने प्रदेश के सभी दिग्गज कांग्रेस नेताओं से चर्चा कर प्रदेश कार्यकारिणी के लिए सुझाव ले लिए हैं। जोगी और वोरा से भी चर्चा हो चुकी है, लेकिन दोनों नेताओं ने अभी तक अपनी तरफ से नाम नहीं दिए हैं।

पार्टी सूत्र बताते हैं कि वोरा जब पिछले दिनों राजधानी आए थे तब बघेल और सिंहदेव ने कार्यकारिणी को लेकर चर्चा की थी, लेकिन वोरा ने उन्हें दिल्ली बुला लिया। कार्यकारिणी को लेकर अब दिल्ली में मंथन होगा। बताया जा रहा है कि बघेल और सिंहदेव ने प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद को कार्यकारिणी की सूची सौंप दी है, लेकिन वोरा और जोगी की तरफ से नाम नहीं आने की वजह से कार्यकारिणी को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। दिल्ली में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के बीच सोमवार को बैठक हो सकती है। इसमें कार्यकारिणी को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है।

chat bot
आपका साथी