सही कीमत पर प्योर गोल्ड खरीदने चाहते हैं तो इन दो बातों का रखिए ख्याल

जानिए सोने की सही कीमत और शुद्धता पता करने का आसान तरीका

By Surbhi JainEdited By: Publish:Fri, 28 Apr 2017 12:48 PM (IST) Updated:Fri, 28 Apr 2017 12:48 PM (IST)
सही कीमत पर प्योर गोल्ड खरीदने चाहते हैं तो इन दो बातों का रखिए ख्याल
सही कीमत पर प्योर गोल्ड खरीदने चाहते हैं तो इन दो बातों का रखिए ख्याल

नई दिल्ली (जेएनएन)। अक्षय तृतीय के मौके पर सोना खरीदना अच्छा माना जाता है। ऐसे में अगर आप सोना खरीदने का मन बना रहे हैं तो निश्चित तौर पर हमारी यह रिपोर्ट आपके काम की है। सोना खरीदते समय दो अहम बातें सोने की सही कीमत और इसकी शुद्धता को ध्यान में रखना चाहिए। इस खबर में माध्यम से हम आपको सोने की सही कीमत और शुद्धता पता करने का आसान तरीका बता रहे हैं।

गोल्ड प्योर है या नहीं ऐसे पता करें?
हॉलमार्किंग के नीचे लिखी होती है सोने की शुद्धता:
गहनों में हॉलमार्किंग सेंटर के लोगो के साथ सोने की शुद्धता भी लिखी होती है। उसी में ज्वैलरी के निर्माण का वर्ष और उत्पादक का लोगो भी बना होता है। ज्वैलरी में एक अंक लिखा होता है जिसके तहत असली सोने की पहचान की जाती है।

शुद्धता के हिसाब से आभूषणों में ये अंक अंकित होते हैं:

• 24 कैरेट: 99.9
• 23 कैरेट: 95.8
• 22 कैरेट: 91.6
• 21 कैरेट: 87.5
• 18 कैरेट: 75.0
• 17 कैरेट: 70.8
• 14 कैरेट: 58.5
• 9 कैरेट: 37.5

उदाहरण से समझिए कि अगर ज्वैलर ने आपको बताया है कि उसने जो अंगूठी बनाई है वो 22 कैरेट की है, तो उसपर 916 अंक जरूर लिखा होगा। यह अंक मैग्निफाइंग ग्लास से देखा जा सकता है। यह अंक पुष्ट करता है कि आपकी अंगूठी 22 कैरेट की ही है।

केवल हॉलमार्क ज्वैलरी खरीदें:
हॉलमार्किंग से सोना-चांदी की शुद्धता प्रमाणित होती है। हालांकि कई ज्वैलर्स बिना जांच प्रकिया के ही हॉलमार्क लगा देते हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि हॉलमार्क ओरिजनल है या नहीं? असली हॉलमार्क पर भारतीय मानक ब्यूरो का तिकोना निशान बना होता है।

कैसे पता करें सही कीमत

ऐसे जाने कितनी है आपके सोने की कीमत:

मान लीजिए हाजिर बाजार में अगर सोने की कीमत 30,000 रुपए प्रति 10 ग्राम है। अब अगर आपने 22 कैरेट सोने की एक ज्वैलरी खरीदी जो 10 ग्राम की है। इसकी सही कीमत आप इस तरह आंक सकते हैं...

22 कैरेट सोने की कीमत: 30000/24x22 = 27500

ज्वैलरी का वजन: 10 ग्राम इस तरह आपके गहने की सही कीमत 27500 हुई।
लेकिन अगर आप यह सब नहीं जानते हैं तो दुकानदार आपको 22 कैरेट सोना 30,000 में ही देगा। यानी कम जानकारी के चलते आप 22 कैरेट सोना भी 24 कैरेट के दाम पर खरीदने को मजबूर होगे। ऐसे में अगर आप इस कैल्कुलेशन के हिसाब से सोना खरीदेंगे तो ज्वैलर्स कभी भी आपको धोखा नहीं दे पाएंगे।

वायदा बाजार और हाजिर बाजार में अलग-अलग भाव
अक्सर टीवी, अखबार और सर्राफा बाजार में सोने की कीमत अलग अलग देखकर आप असमंजस में पड़ जाते होंगे। सोने की कीमतें वायदा बाजार और सर्राफा बाजार में अलग-अलग होती हैं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर दिखाई जाने वाली कीमतें वायदा बाजार की होती हैं। वायदा बाजार के भाव पूरे देश में एक समान होते हैं। स्पॉट और हाजिर बाजार के नाम से दिखाई जाने वाली कीमत सर्राफा बाजार के भाव होते हैं। यह भी ध्यान देने वाली बात है कि दिल्ली, बंबई, अहमदाबाद, जयपुर, उज्जैन आदि सर्राफा बाजार में सोने की कीमत अलग अलग हो सकती है, हालांकि इनमें बहुत ज्यादा अंतर नहीं होता है।

यह भी पढ़ें: सोने की कीमत कैसे तय होती है, जानते हैं आप?

chat bot
आपका साथी