एल्युमीनियम की कीमतों में भारी गिरावट, पढ़िए भारत की कंपनियों पर हुआ क्या असर

अमेरिकी सरकार की ओर से रूसल के साथ कारोबार बंद करने के लिए दिए गए समय की मियाद बढ़ा देने के बाद NSE पर मेटल शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है

By Surbhi JainEdited By: Publish:Tue, 24 Apr 2018 10:19 AM (IST) Updated:Tue, 24 Apr 2018 02:04 PM (IST)
एल्युमीनियम की कीमतों में भारी गिरावट, पढ़िए भारत की कंपनियों पर हुआ क्या असर
एल्युमीनियम की कीमतों में भारी गिरावट, पढ़िए भारत की कंपनियों पर हुआ क्या असर

नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत आज बढ़त के साथ जरूर हुई लेकिन मेटल शेयरों से चमक उड़ी हुई थी। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर मेटल इंडेक्स 2 फीसद से ज्यादा की गिरावट के साथ खुला। इसकी वजह इंडेक्स में शुमार कंपनी हिंडाल्को और नाल्को में आई भारी गिरावट थी। शुरुआती मिनटों में ही हिंडाल्को और नाल्को दोनों ही शेयर 8 फीसद तक टूट गए। इस गिरावट का कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में एल्युमीनियम की कीमतों में आई भारी गिरावट है।

क्यों है एल्युमीनियम की कीमतों में गिरावट

लंदन मेटल एक्सचेंज पर एल्युमीनियम की कीमत बीते दो सत्रों में 10 फीसद से ज्यादा टूट गईं। इसकी वजह अमेरिकी सरकार की ओर से रूस की कंपनी रूसल के साथ कारोबार बंद करने के लिए दिए गए समय की मियाद बढ़ा देना है। दरअसल, अमेरिका ने रूस के ऊपर प्रतिबंध लगाने के बाद उन अमेरिकी कंपनियों से अपना व्यापार बंद करने को कहा जो रूस की यूनाइटेड कंपनी रूसल के ग्राहक हैं। रूसल पर अमेरिका की ओर से 6 अप्रैल को प्रतिबंध लगाए गए थे और 5 जून तक कारोबार बंद करके प्रतिबंधों का पालन करने को कहा था। लेकिन हाल में ही अमेरिका की ओर से व्यापार बंद करने की तारीख को 23 अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया है।

व्यापार बंद करने की मियाद बढ़ाने के साथ साथ अमेरिका ने यह भी संकेत दिये हैं कि वे रूसल से प्रतिबंधों को हटा सकते हैं अगर कंपनी के बड़े शेयरधारक और रूसी टाइकून ओलेग डेरीपास्का कंपनी से अपना नियंत्रण सौप दें।

अमेरिका की ओर से रूसल पर प्रतिबंध लगाने की खबरों के बाद बाजार में एल्युमीनियम की उपलब्धता मांग से कम हो जाने की आशंका के चलते एल्युमीनियम की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला था। इस तेजी में कीमतें 2011 के मध्य के करीब पहुंच गईं थी। वहीं बिजनेस बंद करने के लिए बढ़ी मियाद और भविष्य में प्रतिबंध हटाने के संकेतों से एल्युमीनियम की कीमतों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। सोमवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में एल्युमीनियम की कीमतें एक दिन में 7 फीसद तक टूट गईं थी जो बीते आठ साल में आई एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट थी।

अंतराष्ट्रीय बाजार में एल्युमीनियम की कीमतों में आई इस गिरावट का असर भारतीय कमोडिटी और शेयर बाजार की उन कंपनियों पर देखने को मिला जिनके व्यापार का बड़ा हिस्सा एल्युमीनियम का है।

मेटल शेयरों का हाल

हिंडाल्कों और नाल्को में आई तीखी तेजी के इतर वेदांता, हिंद कॉपर, टाटा स्टील, जिंदल स्टील आदि कंपनियों में भी बिकवाली हावी है। करीब 10 बजे वेदांता लिमिटेड 3.5 फीसद की गिरावट के साथ 293 के स्तर पर, हिंद कॉपर 2.94 फीसद की गिरावट के साथ 75 रुपए के स्तर पर, जिंदल स्टील 2.04 फीसद की गिरावट के साथ 246.20 के स्तर पर और टाटा स्टील 1.71 फीसद की गिरावट के साथ 594 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा हिंदुस्तान जिंक, सेल और एनएमडीसी के शेयरों में भी 1 फीसद से ज्यादा की गिरावट है।

कमोडिटी बाजार में भी एल्युमीनियम की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर एल्युमीनियम 150 रुपए प्रति किलो के स्तर पर काम कर रहा है। बीते एक हफ्ते में एल्युमीनियम की कीमतों में 28 रुपए प्रति किलो तक की की गिरावट आ चुकी है।

chat bot
आपका साथी