पेट्रोल के दाम मुंबई में सबसे ज्यादा, धर्मेंद्र प्रधान ने बताई वजह

पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मुंबई में सबसे महंगा पेट्रोल बिकने के पीछे की असली वजह बताई है

By Praveen DwivediEdited By: Publish:Wed, 13 Sep 2017 04:37 PM (IST) Updated:Wed, 13 Sep 2017 04:47 PM (IST)
पेट्रोल के दाम मुंबई में सबसे ज्यादा, धर्मेंद्र प्रधान ने बताई वजह
पेट्रोल के दाम मुंबई में सबसे ज्यादा, धर्मेंद्र प्रधान ने बताई वजह

नई दिल्ली (जेएनएन)। सितंबर महीने के दौरान पेट्रोल की कीमतों में तेज इजाफा देखने को मिला है। देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई में पेट्रोल के दाम 80 रुपए के बराबर पहुंच गये हैं। मुंबई में पेट्रोल की महंगाई को लेकर बढ़ी टेंशन के बीत पेट्रोलियम मंत्री घर्मेंद्र प्रधान ने इसकी वजह बताई है। गौरतलब है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें 16 जून 2017 से लगातार संशोधित हो रही हैं।

क्या बोले पेट्रोलियम मंत्री: पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि अलग-अलग राज्यों में टैक्स दरें अलग अलग होती हैं और मुंबई में टैक्स ज्यादा है इसलिए मुंबई में पेट्रोल अन्य राज्यों के मुकाबले महंगा है। उन्होंने कहा कि बीते तीन महीनों के दौरान अंतरराष्ट्रीय कीमतों में इजाफा देखने को मिला है जो कि करीब 18 फीसद रहा। हालांकि उन्होंने यह उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल की कीमतों में कमी आएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दाम घटने का सीधा फायदा ग्राहकों को मिलता है।

धर्मेंद्र प्रधान ने पेट्रोल डीजल की कीमतों में रोजाना संशोधन की प्रक्रिया का बचाव किया और कहा कि इससे कीमतें नियंत्रित रहती हैं। इरमा और हार्वे के कारण ग्लोबल ऑयल रिफाइनिंग कैपेसिटी में 13 फीसद की गिरावट देखने को मिली है। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि पेट्रोल और डीजल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में क्रमश: 18 और 20 फीसद की गिरावट देखने को मिली है। ग्लोबल ट्रेंड का एनालिसिस बताता है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में गिरावट आएगी। उन्होंने आगे कहा कि डायनमिक फ्यूल प्राइज मैकेनिज्म कंज्यूमर के लिए सबसे ज्यादा पारदर्शी मॉडल है और इसे अचानक से नहीं बदला जा सकता है।

chat bot
आपका साथी