क्या महिला बचत खाता सामान्य बचत खाते से बेहतर है?

जानिए महिला बचत खाते से जुड़ी हर छोटी बड़ी बात

By Praveen DwivediEdited By: Publish:Mon, 29 May 2017 03:27 PM (IST) Updated:Mon, 29 May 2017 05:41 PM (IST)
क्या महिला बचत खाता सामान्य बचत खाते से बेहतर है?
क्या महिला बचत खाता सामान्य बचत खाते से बेहतर है?

नई दिल्ली (जेएनएन)। अगली बार जब आप अपनी पत्नी या बेटी के साथ बैंक जाइएगा तो बैंक कर्मी से एक बार महिला बचत खाते के बारे में जरूरी पूछिएगा। आपको जानकर हैरानी होगी कि महिला बचत खाता एक सामान्य बचत खाते की तुलना में ज्यादा फायदेमंद रहता है। यह खाता कैश बैक रिवार्ड के साथ ही कई मायनों में फायदेमंद रहता है। हम अपनी इस खबर के माध्यम से आपको महिला बचत खाते से जुड़ी हर खास बात बताने की कोशिश करेंगे।

यह बचत खाता विशेषतौर पर महिलाओं के लिए ही तैयार किया गया है। यह खास कैशबैक रिवार्ड के साथ ही इस खाते पर कई अन्य आकर्षक ऑफर की पेशकश करता है, जो महिलाओं की दैनिक जरूरतों को पूरा करते हैं। हालांकि अगर आप भी अपनी पत्नी के लिए यह विशेष महिला बचत खाता खुलवाने जा रहे हैं, तो एक बार अच्छे से सोच विचार कर लें कि आपको यह खाता खुलवाना चाहिए या नहीं। आपको सोचना चाहिए कि क्या सही मायनों में सामान्य बचत खाते की तुलना में महिला बचत खाता बेहतर रहेगा या नहीं? ICICI, HDFC, Kotak Mahindra और RBL जैसे कई बैंक महिलाओं के लिए इस तरह के विशेष खाते की पेशकश करते हैं।

किसके लिए बेहतर है ये खाता?
पैसा बाजार डॉट कॉम के सीईओ और को-फाउंडर नवीन कुकरेजा ने बताया, “महिला बचत खाता विशेष तौर पर उन महिलाओं के लिए फायदेमंद रहेगा, जो बचत खाते पर ज्यादा से ज्यादा लाभ पाने की तलाश में रहती हैं। साथ ही इन खातों में उतना ही न्यूनतम बैलेंस रखने की जरूरत होती है जितना की सामान्य बचत खाते के लिए होती है।”

कैसे खोला जा सकता है खाता:
महिला बचत खाते (Woman's savings account) को एक महिला या तो व्यक्तिगत तौर पर खोल सकती है या फिर इसे ज्वाइंट होल्डिंग के मामले में इसे प्राइमरी होल्डर के तौर पर खोला जा सकता है। इन खातों में काफी सारे रिवार्ड के साथ ही कस्टमाइज फीचर्स की पेशकश की जाती है और इनमें डेबिट कार्ड लिंक्ड होता है।

इन खातों में विशेष ऑफर की पेशकश क्यों की जाती है?
एक महिला बचत खाते के अंतर्गत कुछ ऐसी सेवाओं की पेशकश की जाती है जो समान्य बचत खाते में नहीं दी जाती हैं। कोटक महिंद्रा बैंक अपने सिल्क-महिला बचत खाते के अंतर्गत होम बैंकिंग सर्विस की पेशकश करता है। इसके अंतर्गत खाताधारक कैश पिकअप, कैश डिलीवरी, चेक/ ड्राफ्ट डिलीवरी आदि जैसी सेवाओं का आनंद ले सकते हैं। हालांकि यह सेवा सिर्फ चुनिंदा शहरों में ही है।

HDFC बैंक 1 लाख रुपए तक का एक्सीडेंटल हॉस्पिटलाइजेशन कवर और 10 लाख रुपए तक का एक्सीडेंटल डेथ कवर देता है। वहीं आरबीएल महिला बचत खाते के अंतर्गत देश के किसी भी एटीएम से अनगिनत बार कैश निकासी की सुविधा देता है।

आप खुद तय कीजिए कि एक महिला बचत खाता सामान्य बचत खाते के मुकाबले कितना बेहतर है।

chat bot
आपका साथी