नाराज सबेरा है, हर ओर अंधेरा है ..

सीतामढ़ी। पहले प्रेम पास में बांधा, फिर शादी की, सालों यौन शोषण के बाद जब गर्भवती हुई, तो पति ने नेप

By Edited By: Publish:Sun, 25 Sep 2016 12:11 AM (IST) Updated:Sun, 25 Sep 2016 01:39 AM (IST)
नाराज सबेरा है, हर ओर अंधेरा है ..

सीतामढ़ी। पहले प्रेम पास में बांधा, फिर शादी की, सालों यौन शोषण के बाद जब गर्भवती हुई, तो पति ने नेपाल ले जा बेचने का प्रयास किया। पीड़िता ने कोर्ट में अर्जी दी। कोर्ट के आदेश पर नानपुर थाना पुलिस ने मामला तो दर्ज किया, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। पांच माह का गर्भ लिए महिला न्याय के लिए सीएम के जनता दरबार व महिला आयोग तक इंसाफ की भीख मांगती रहीं। महिला आयोग के निर्देश के बाद एसपी ने महिला को डीएसपी सदर के पास भेज दिया और शनिवार को डीएसपी के आदेश पर महिला थाने में मामला दर्ज किया गया है। जिसमें महिला ने पति नानपुर थाना के उखड़ा निवासी कुंदन खतवे, सास प्रमिला देवी, गोतनी वीणा देवी व ननद मीना देवी को आरोपित किया है।

क्या है मामला :

राजधानी पटना के गांधीनगर निवासी एक युवती अपनी मां की मौत के बाद सपरिवार लुधियाना चली गई। वहां वह एक फैक्ट्री में काम करने लगी। इस दौरान उसी फैक्ट्री में काम कर रहे नानपुर थाना के उखड़ा निवासी कुंदन खतवे से उसका प्रेम प्रसंग चलने लगा। सितंबर 2014 में दोनों ने शादी कर ली। शादी के 15 दिन बाद कुंदन अपनी पत्नी को लेकर गांव आया। जहां दोनों आराम से रहने लगे। साल की शुरुआत में पारिवारिक विवाद बढ़ने लगा। पति समेत ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करने लगे। इसी बीच वह गर्भवती हो गई। हालांकि इसके पूर्व दो बार पति ने उसका गर्भपात कराया था। परिवारिक विवाद बढ़ने के बाद कुंदन अपनी पत्नी को लेकर 16 जून को नेपाल चला गया। उसने पत्नी को नेपाल में रह कर काम करने की बात बताई। लेकिन उसकी नीयत खराब हो गई थी। वह पत्नी को ही बेचने का सौदा कर चुका था। पास में रह रहे एक चाय दुकानदार ने उसके सौदे की बात होने की जानकारी दी। शक यकीन में तब बदल गया जब उसने अपनी आंखों से पति को एक व्यक्ति से रुपये लेते देखा। इसके बाद वह नेपाल से भाग कर सीतामढ़ी पहुंच गई। उधर उसका पति चेन्नई फरार हो गया। वह लौट कर ससुराल पहुंची, तो ससुराल वालों ने मारपीट कर भगा दिया। अब वह न्याय के लिए भटक रही है। उसकी हर सुबह नाराज चल रही है, वहीं सामने अंधेरा छाया है। सबसे बड़ी ¨चता उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को लेकर है। हालांकि महिला थाना ने शनिवार को मामला दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है। महिला थानाध्यक्ष मुकेश चंद्र कुंवर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हर हाल में महिला को न्याय मिलेगा।

chat bot
आपका साथी