Bihar Politics: अभी-अभी तो आए थे नीतीश... और हो गया सियासी क्लेश! अगर ये सीट JDU को मिली तो...

भाजपा ने लोकसभा चुनाव को लेकर बिहार में अबतक सीटों का एलान नहीं किया है लेकिन सियासी मिजाज पल-पल बदल रहा है। चर्चा है कि शिवहर सीट जदयू के कोटे में जाएगी। इस खबर से शिवहर भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं की नींद उड़ी हुई है। शिवहर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने शिवहर मांगे कमल निशान अभियान शुरू कर दिया है। शिवहर जिलाध्यक्ष सहित कई पार्टी नेता पटना पहुंचे हुए हैं।

By Neeraj Kumar Edited By: Mohit Tripathi Publish:Wed, 13 Mar 2024 08:53 PM (IST) Updated:Wed, 13 Mar 2024 08:53 PM (IST)
Bihar Politics: अभी-अभी तो आए थे नीतीश... और हो गया सियासी क्लेश! अगर ये सीट JDU को मिली तो...
शिवहर लोकसभा सीट जदयू के कोटे में जाने की आशंका से भाजपाइयों में आक्रोश। (एएनआई फोटो)

HighLights

  • शिवहर भाजपा ने शुरू किया शिवहर मांगे कमल निशान अभियान
  • जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में सैकड़ों पार्टी नेता और कार्यकर्ता पटना में जमे
  • भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने कहा- सीट छीनी गई तो देंगे सामूहिक इस्तीफा

जागरण संवाददाता, शिवहर। लोकसभा चुनाव को लेकर बिहार में अभी सीटों का एलान नहीं हुआ है, लेकिन पल-पल सियासत का मिजाज बदल रहा है। चर्चा है कि शिवहर की सीट जदयू के कोटे में चली गई है। इस खबर के बाद शिवहर भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं की नींद उड़ गई है। कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश दिख रहा है। शिवहर भाजपा ने 'शिवहर मांगे कमल निशान' अभियान शुरू कर दिया है।

शिवहर जिलाध्यक्ष सहित भारी संख्या में पार्टी नेता पटना पहुंच गए है। देर शाम तक पार्टी नेता पटना में जमे हैं। उधर, स्थानीय नेताओं का कहना है कि अगर ऐसा हुआ तो कार्यकर्ताओं की मेहनत पर पानी फिर जाएगा और मनोबल भी टूटेगा। संभव है कि शिवहर का पूरा इलाका भाजपा मुक्त हो जाएगा।

सामूहिक इस्तीफे की धमकी

भाजयुमो जिलाध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता ने कहा है कि अगर यह सीट भाजपा को नहीं मिली, तो सामूहिक रूप से इस्तीफा दे देंगे। वहीं, पार्टी के मीडिया प्रभारी संजय तिवारी ने बदलते राजनीतिक घटनाक्रम एवं समीकरण के परिपेक्ष में एनडीए के सभी घटक दलों के कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों को धैर्य रखने की सलाह दी है। कहा है कि केंद्रीय नेतृत्व का अभी तक कोई फैसला सीट शेयरिंग और उम्मीदवारी को लेकर नही आया है।

जदयू के पास सीट जाना भाजपा कार्यकर्ताओं का अपमान

उधर, पटना रवानगी के पूर्व शिवहर भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने कहा कि अभी सीट तय नहीं है। चर्चाओं का बाजार गर्म है। शीर्ष नेतृत्व का जो आदेश होगा उसका पालन किया जाएगा। हालांकि कहा कि अगर यह सीट जदयू को जाती है, तो यह कार्यकर्ताओं का अपमान होगा। कार्यकर्ताओं के मान सम्मान के लिए पटना जा रहे हैं।

लगातार 3 बार से चुनाव जीत रहीं रमा देवी

उल्लेखनीय है कि शिवहर लोकसभा सीट पर भाजपा की सांसद रमा देवी लगातार तीन चुनाव से जीत दर्ज कर रही है। शिवहर लोकसभा के अधीन आने वाले छह विधानसभा क्षेत्र में चार पर भाजपा का कब्जा है। इतना ही नहीं शिवहर भाजपा संगठन बिहार में सबसे मजबूत संगठन के रूप में जानी जाती है।

बूथ, प्रखंड और जिला स्तर पर संगठन मजबूत स्थिति में है। इसके कार्यकर्ता 365 दिन मेहनत करते आ रहे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में यह सीट जदयू कोटे में जाने के बाद कार्यकर्ताओं का आक्रोश सामने आया था। तब भाजपा कार्यकर्ताओं के आक्रोश के कारण ही जदयू प्रत्याशी मो. सरफुद्दीन को हार का सामना पड़ा था। वहीं महागठबंधन समर्थित प्रत्याशी चेतन आनंद ने रिकार्ड मतों से जीत दर्ज की थी।

यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में NH-77 पर भीषण सड़क हादसा, बरात से लौट रही गाड़ी ने ट्रक में मारी टक्कर, 5 बरातियों की मौत; 8 घायल

'आपका बेटा दुष्कर्म में पकड़ाया है, पैसे भेजो वरना...' ऐसा कॉल आए तो तुरंत करें ये काम, नहीं तो लगेगी लाखों की चपत

chat bot
आपका साथी