अनियंत्रित ट्रक ने छात्रा को रौंदा, हंगामा

छपरा-सिवान मुख्यमार्ग पर सड़क दुर्घटना में छात्रा की मौत के बाद ग्रामीणों ने हंगामा किया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Oct 2020 06:32 PM (IST) Updated:Tue, 20 Oct 2020 10:48 PM (IST)
अनियंत्रित ट्रक ने छात्रा को रौंदा, हंगामा
अनियंत्रित ट्रक ने छात्रा को रौंदा, हंगामा

छपरा रिविलगंज। छपरा-सिवान मुख्यमार्ग एनएच 85 पर थाना क्षेत्र के मेथवलिया अजा बस्ती के समीप सिवान की ओर जा रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने मंगलवार की सुबह लगभग 8:30 बजे एक छात्रा को रौंद दिया। छात्रा रूबी कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। छात्रा की पहचान रिविलगंज प्रखंड अंतर्गत मुकरेड़ा पंचायत के औली गांव निवासी कन्हैया महतो की 15 वर्षीया पुत्री रूबी कुमारी के रूप में हुई।

ट्यूशन पढ़ने छपरा जा रही थी रूबी

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह दसवीं की छात्रा रूबी ट्यूशन पढ़ने छपरा जा रही थी। मुख्य सड़क पर पहुंचते ही तेज रफ्तार में सिवान की ओर जा रहे ट्रक ने रौंद दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में गांव के लोग जुट गए और आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर एनएच 85 को जाम कर आवागमन ठप कर दिया। आक्रोशित ग्रामीण पुलिस प्रशासन के वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। रोड जाम होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।

तीन घंटे बाद सामान्य हुआ परिचालन

घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड प्रमुख सह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राहुल राज, रिविलगंज मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी वारसी व समाजसेवी पप्पू राय मौके पर पहुंचे और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ संगीता कुमारी और थानाध्यक्ष किशोरी चौधरी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाकर सड़क जाम हटाने के प्रयास करने लगे। स्थानीय गणमान्य लोगों एवं सीओ तथा थानाध्यक्ष के पहल पर रोड जाम हटाया गया। लगभग तीन घंटे बाद आवागमन बहाल हुआ। छात्रा रूबी कुमारी की मौत की जानकारी मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे रिविलगंज प्रखंड प्रमुख राहुल राज ने मृतक के स्वजनों को सांत्वना दी और हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया।

chat bot
आपका साथी