Bihar: पुलिस को चकमा देकर भागा कैदी, घर में जाकर करने लगा आराम; दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पहुंची पुलिस

छपरा जिले में एक कैदी सदर अस्पताल के शौचालय से फरार हो गया। दो सिपाही और दो चौकादीर उसकी निगरानी में तैनात थे। दो घंटे तक पुलिस उसकी तलाश करती रही फिर वह अपने घर पर मिला जिसके बाद उसपर एक एफआइआर दर्ज करने की तैयारी हो रही है।

By rajeev kumarEdited By: Publish:Mon, 20 Mar 2023 03:33 PM (IST) Updated:Mon, 20 Mar 2023 03:33 PM (IST)
Bihar: पुलिस को चकमा देकर भागा कैदी, घर में जाकर करने लगा आराम; दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पहुंची पुलिस
सदर अस्पताल से भागे कैदी को बनियापुर पुलिस ने दो घंटे में किया गिरफ्तार

छपरा, जागरण संवाददाता। बिहार के छपरा में एक कैदी के फरार होने का अजब-गजब मामला सामने आया है। यहां शराब मामले में जेल में बंद कैदी ने पहले तो पेट दर्द का बहाना बनाया। फिर जब उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया तो वह पुलिसकर्मियों वहां से चकमा देकर फरार हो गया। कमाल की बात तो यह है कि पुलिस ने दो घंटे के भीतर उसके घर से ही उसे गिरफ्तार कर लिया।  

बताया जाता है कि रविवार को बनियापुर थाना क्षेत्र के बेदौली भगवानपुर निवासी वीरेंद्र महतो को शराब के मामले में बनियापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। दो सिपाही और दो चौकीदार की निगरानी में आरोपित को छपरा कोर्ट में पेश किया गया। वहां से न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया। जेल ले जाने के दौरान कैदी ने पेट में दर्द होने की बात कही। बनियापुर थाने के दो सिपाही व दो चौकीदार की निगरानी में आरोपित को सदर अस्पताल छपरा में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

इसी बीच सोमवार की सुबह सिपाही व चौकीदार को चकमा देकर कैदी फरार हो गया। इसके बाद बनियापुर की पुलिस हरकत में आई। थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह टीम के साथ फरार कैदी को पकड़ने के लिए छापेमारी करने लगे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली की अस्पताल से फरार कैदी अपने घर पर ही छुपा हुआ है। इसके बाद उसके घर की घेराबंदी कर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस उसके खिलाफ एक और एफआइआर करने में जुट गई है।

चौकीदार व सिपाही की लापरवाही आई सामने

सदर अस्पताल छपरा में एक कैदी की निगरानी में दो सिपाही व दो चौकीदार को लगाया गया था। इसके बावजूद कैदी का अस्पताल परिसर से भाग जाना सिपाही व चौकीदार की ड्यूटी में लापरवाही की दास्तां बयां कर रही है। अस्पताल में मौजूद लोग भी बता रहे थे कि कैदी को अकेला छोड़ सिपाही और चौकीदार गायब थे। मौके का फायदा उठाकर कैदी वहां से भाग गया।

क्या कहते हैं थानाध्यक्ष

बनियापुर थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार की सुबह में कैदी शौचालय गया था, जहां से हथकड़ी सरका कर शौचालय की खिड़की की तरफ से वह भाग गया था। उसे दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है।

chat bot
आपका साथी