समस्तीपुर में किशोरी की गला रेतकर निर्मम हत्या, घटना के बाद इलाके में सनसनी

मृतका की पहचान धर्मपुर अमीरगंज मोहल्ला निवासी फुलेन्द्र पासवान की पुत्री दुर्गा कुमारी (17) के रूप में की गई है। शनिवार की रात्रि गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sun, 02 Oct 2022 01:16 PM (IST) Updated:Sun, 02 Oct 2022 01:16 PM (IST)
समस्तीपुर में किशोरी की गला रेतकर निर्मम हत्या, घटना के बाद इलाके में सनसनी
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी मोहल्ला में बीच सड़क पर मिला खून से लथपथ शव। प्रतीकात्मक फोटो

समस्तीपुर, जागरण संवाददाता। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धर्मपुर अमीरगंज मोहल्ला निवासी फुलेन्द्र पासवान की पुत्री दुर्गा कुमारी (17) की शनिवार की रात्रि गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। रविवार सुबह कृष्णापुरी मोहल्ला स्थित राम निरीक्षण आत्मा राम महाविद्यालय के पीछे गली में बीच सड़क पर खून से लथपथ शव मिला। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर दलबल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा ने घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद मृतका के स्वजनों से शव की शिनाख्त की। पुलिस शव कब्जे में लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। सदर अस्पताल में शव का अंत्यपरीक्षण कराया गया।

घर नहीं लौटी तो अनहोनी की आशंका

मृतका के पिता फुलेन्द्र पासवान ने बताया कि उसकी पुत्री दुर्गा कृष्णापुरी मोहल्ला में ही एक चिकित्सक के यहां दाई का काम करती थी। हर दिन की तरह शनिवार शाम पांच बजे चिकित्सक के यहां जाने के लिए घर से पैदल निकली। शाम करीब सात बजे तक वापस घर नहीं लौटी तो अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने चिकित्सक के यहां जाकर इसके बारे में जानकारी ली तो पता चला कि वह काम पर नहीं गई थी। इसके बाद स्वजन आसपास खोजबीन करने लगा। रिश्तेदारों के यहां भी पता किया, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी मिली।

बताया कि बीते तीन चार माह से एक युवक उसकी पुत्री को परेशान कर रहा था। इसको लेकर स्थानीय स्तर पर पंचायत भी हुई थी। इसको लेकर पुत्री की हत्या की आशंका व्यक्त की है। थानाध्यक्ष प्रवीण मिश्रा ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है। आवेदन मिलते ही अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी