आज मां के दर्शन को उमड़ेगा जनसैलाब

जागरण संवाददाता, सासाराम : गुरुवार को अष्टमी तिथि को मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शनार्थ श्रद्धालु उम

By Edited By: Publish:Wed, 01 Oct 2014 07:56 PM (IST) Updated:Wed, 01 Oct 2014 07:56 PM (IST)
आज मां के दर्शन को उमड़ेगा जनसैलाब

जागरण संवाददाता, सासाराम : गुरुवार को अष्टमी तिथि को मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शनार्थ श्रद्धालु उमड़ेंगे। इसके साथ ही श्रद्धा, भक्ति, अध्यात्म के संगम माने जाने वाले नवरात्रि पर लोक उत्सव का रंग चढ़ने लगेगा। शाम होते-होते मां के दर्शन के लिए सड़कों पर जनसैलाब सा दृश्य होगा। शुक्रवार को नवमी के साथ-साथ दशमी होने से विजया दशमी मनाई जायेगी। शाम छह बजे रेलवे मैदान में रावण वध का आयोजन है।

बुधवार सप्तमी को भी लोग मा के दर्शनार्थ पंडालों में पहुंचे लेकिन शहर की परंपरा को जानने-समझने वाले कहते हैं कि यहां अष्टमी-नवमी को ही सबसे अधिक भीड़ जुटती है। शहर ही नहीं आस-पास के ग्रामीण इलाकों से लोग बस, आटो, ट्रैक्टर, निजी वाहनों, मोटर साइकिल पर सवार हो पहुंचते हैं। रातभर पंडालों में दर्शन का क्रम चलता है। दशहरा को भी लोग पंडालों में घूमते हैं।

:::::::::::::::::

रहेंगे विशेष आकर्षण

विशाल पंडालों व विविध रूपों की प्रतिमाओं के अलावा इस बार अष्टमी-नवमी को कुछ अलग हट कर भी आयोजन किये जा रहे हैं। गौरक्षणी में प्रजापति ब्रह्माकुमारी के तत्वाधान में दुर्गा मां व अन्य देवियों की जीवंत प्रतिमाएं भक्तों को दर्शन देंगी। माइको स्थित पूजा पंडाल में मां दुर्गा द्वारा महिषासुर के वध का दस मिनट का लाइव शो बनाया गया है। जो बार-बार दिखाया जायेगा। न्यू एरिया में तालाब के मध्य स्थित पंडाल का विशेष आकर्षण है। चौखण्डी, रौजा रोड, करन सराय, तकिया के पंडाल मुख्य आकर्षण हैं।

रेलवे मैदान में रावण वध

दशहरा के दिन रेलवे मैदान में रावण वध का आयोजन किया गया है। नगर पूजा समिति के अनुसार शाम पांच बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। रावण के विशाल पुतले को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राम की सेना महाबीर स्थान कुराइच से गाजे-बाजे के साथ रवाना होंगी। रथ पर भगवान राम व लक्ष्मण के रूपधरे भक्त सवार होंगे। आतिशबाजी के साथ रावण वध होगा।

चार अक्टूबर को होगा विसर्जन

नगर पूजा समिति के अनुसार को सामूहिक रूप से सभी पूजा समितियों द्वारा प्रतिमा विसर्जन किया जायेगा। सभी समिति के भक्त चौक बाजार पहुंचेंगे, फिर सामूहिक रूप से जुलूस के शक्ल में लोग थाना चौक, सोना पट्टी, जानी बाजार, बस्ती मोड़, रौजा रोड़, प्रभाकर रोड, जीटी रोड होते हुए दुर्गा कुंड तालाब पहुंचेंगे। जहां विधि-विधान से विसर्जन होगा।

इंसेट

आकर्षण का केंद्र रहेंगी प्रतिमाएं

सासाराम : इस बार माता के कई रूपों में पंडालों में होंगे। प्रतिमा निर्माण में विविधिता भक्तों के लिए आकर्षक का केंद्र रहेगी।

* पठानटोली में बनी धान के पुआल से बनी प्रतिमा

* किला मुहल्ला में मोती से निर्मित प्रतिमा

* लखनुसराय में शीश से निर्मित मां की प्रतिमा

* लखनुसराय (झारखंड) में तिनका से निर्मित प्रतिमा

* चवरतकिया में छाता के बेत से निर्मित प्रतिमा

* न्यू एरिया में शेर सवार मां दुर्गा के स्वरूप में बालिकाओं की झांकी

* माइको पर विद्युत चलित मां दुर्गा एवं काली के भव्य रूप

chat bot
आपका साथी