कांवरियों की मौत से मुडि़यार में पसरा मातम

By Edited By: Publish:Tue, 29 Jul 2014 07:19 PM (IST) Updated:Tue, 29 Jul 2014 07:19 PM (IST)
कांवरियों की मौत से मुडि़यार में पसरा मातम

संवाद सूत्र, अकोढ़ीगोला (रोहतास) : औरंगाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार की अहले सुबह सड़क हादसे में दस कांवरियों के मारे जाने व दर्जनों के घायल होने की सूचना आग की तरह प्रखंड क्षेत्र में फैल गई। मृतकों में सर्वाधिक आठ कांवरियां मुड़ियार के हैं। जबकि दो मीरगंज के बताये जाते हैं। सूचना मिलते ही मुड़ियार, मदारगंज व मीरगंज गांव में मातम छा गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद मिलन समारोह स्थगित कर दिया। एक साथ आठ शव जैसे ही मुड़ियार पहुंचे, पीड़ित परिजनों के चित्कार से पूरा गांव गम के सागर में डूब गया। आसपास के गांवों के लोग भी यह खबर सुन मुड़ियार पहुंच शोक संतप्त परिजनों ढांढस बंधाने में जुटे रहे। विधायक ज्योति रश्मि जोशी व पूर्व विधायक प्रदीप जोशी ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। सभी शवों को एक साथ पहले पूर्व मुखिया बबलू तिवारी के दरवाजे के पास रखा गया। जहां उपस्थित हजारों लोगों ने कांवरियों का अंतिम दर्शन किया। एडीएम आरके झा, एसडीएम मंजीत कुमार, इंस्पेक्टर बी राम, बीडीओ मनोज कुमार, थानाध्यक्ष संजय झा, राजीव कुमार (दरिहट), मुखिया संघ प्रदेश उपाध्यक्ष सिकंदर यादव, मुखिया हरेराम सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक चंद्रवंशी, युवा राजद जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, उपप्रमुख सुमेर सिंह, ई. ललन सिंह, रामजी गुप्ता, उपेंद्र यादव आदि ने वहां पहुंच पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। प्रशासन की ओर से प्रत्येक मृतक के दाह संस्कार के लिए पंद्रह सौ रुपये प्रदान किये गए। जबकि सरकार ने मृतकों के परिजनों व घायलों को मुआवजा देने की घोषणा की है।

chat bot
आपका साथी