पूर्णिया में रिमझिम बारिश ने मौसम बनाया सुहाना, गिरा तापमान, गर्मी से मिली राहत

मानसून प्रवेश के साथ रूक-रूक कर बारिश का दौर जारी है। शनिवार को भी सुबह रिमझिम वर्षा हुई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 26 Jun 2021 10:56 PM (IST) Updated:Sat, 26 Jun 2021 10:56 PM (IST)
पूर्णिया में रिमझिम बारिश ने मौसम बनाया सुहाना, गिरा तापमान, गर्मी से मिली राहत
पूर्णिया में रिमझिम बारिश ने मौसम बनाया सुहाना, गिरा तापमान, गर्मी से मिली राहत

पूर्णिया। मानसून प्रवेश के साथ रूक-रूक कर बारिश का दौर जारी है। शनिवार को भी सुबह रिमझिम वर्षा हुई। पूर्णिया मौसम केद्र द्वारा पिछले 24 घंटे के अंदर जिले में 31 मिमी की बारिश रिकार्ड की गई। इधर रिमझिम बारिश से मौसम का मिजाज बदला और लोगों को गर्मी से राहत मिली। जिले के अधिकतम तापमान में दो डिग्री व न्यूनतम तापमान में भी 1.7 डिग्री की गिरावट आई। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो -तीन दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। आसमान में बादलों का आना जाना जारी रहेगा और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।

पूर्णिया मौसम केंद्र के प्रभारी एसके सुमन ने बताया कि मानसून पूरी तरह से एक्टिव हो गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर शाम से ही वायुमंडल का दवाब गिरना शुरू हो गया था जिसका असर शनिवार को भी देखने को मिला। देर रात और सुबह के समय हुई बारिश के बाद दोपहर में भी कुछ देर के लिए अच्छी बारिश हुई। उन्होंने बताया कि वायुमंडल का दवाब कम होने के कारण से इस क्षेत्र में बादलों का संघनन हुआ और बारिश हुई। बताया कि मानसून के पूरी तरह से एक्टिव हो जाने के कारण से दो से तीन दिनों तक मौसम में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।

इधर, रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीणों इलाकों में भी जल-जमाव से समस्या बढ़ गई है। शहर के शारदा नगर, भट्ठा बाजार, महबूब खां टोला, मधुबनी, सिपाही टोला, नवरतन हाता, टैक्सी स्टैंड समेत अन्य इलाकों में सड़कों पर बारिश का पानी जमा हो जाने के कारण से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सड़क पर कीचड़ और पानी के कारण लोग परेशान दिखे। वहीं मानसून के एक बार फिर से एक्टिव हो जाने के कारण से किसानों में हर्ष व्याप्त है।

chat bot
आपका साथी