कांग्रेस-भाजपा दोनों रहेंगी सत्ता से दूर : नीतीश

By Edited By: Publish:Wed, 16 Apr 2014 09:43 PM (IST) Updated:Wed, 16 Apr 2014 09:43 PM (IST)
कांग्रेस-भाजपा दोनों रहेंगी सत्ता से दूर : नीतीश

जेएनएन, भागलपुर/बांका/पूर्णिया : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को कहा कि इस बार भाजपा और कांग्रेस दोनों सत्ता से काफी दूर रहेंगी। भाजपा अपने पीएम पद के उम्मीदवार तो कांग्रेस अपने शासनकाल की 10 वर्षो की नाकामी के कारण सत्ता से दूर रहेगी। भाजपा आवारा पूंजीवाद को बढ़ावा दे रही है। इससे देशवासियों का भला नहीं होगा। केंद्र में अगर भाजपा की सरकार बनी तो न तो देश का विकास होगा और न ही बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा। फायदा सिर्फ पूंजीपतियों को होगा। भाजपा पूंजीपतियों की गोद में खेल रही है। तभी लाखों-करोड़ों रुपये चुनाव के नाम पर खर्च कर रही है। अभी पूंजीपति पूंजी लगा रहे हैं, भाजपा की सरकार बनने के बाद सूद समेत वसूलेंगे। ऐसे में न तो देश का विकास होगा न ही गरीबी मिटेगी। युवाओं को रोजगार भी नहीं मिलेगा। महंगाई जरूर बढ़ेगी। नीतीश बुधवार को भागलपुर के गौराडीह प्रखंड के गड़होतिया गांव में भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से पार्टी के प्रत्याशी अबु कैसर, बांका के धोरैया प्रखंड क्षेत्र के विशनपुर उच्च विद्यालय मैदान में भाकपा के लोस प्रत्याशी संजय कुमार व पूर्णिया के बायसी विधानसभा उप चुनाव में जदयू प्रत्याशी सैयद रुकमुद्दीन के पक्ष में इंदिरा गांधी उच्च विद्यायल डगरूआ के मैदान में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे।

पूर्णिया में मुख्यमंत्री ने कहा कि किशनगंज में जदयू के प्रत्याशी अख्तरुल ईमान ने धर्मनिरपेक्षता के लिए कोई कुर्बानी नहीं दी। बल्कि वहां बड़ा खेल हुआ है। इस बड़े खेल ने ही ईमान का ईमान बदल दिया। चांदी का चम्मच लेकर पैदा होने वाले कांग्रेसी क्या जानें, धर्मनिरपेक्षता की लड़ाई क्या होती है। वे तो खेल खेलना जानते हैं।

नीतीश ने कहा कि आखिर किस पर भरोसा किया जाए। ईमान ने किशनगंज से जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए पहले पार्टी छोड़ी, फिर विधानसभा की सदस्यता का भी त्याग किया। लेकिन चुनाव मैदान में कूदने के बाद उनका ईमान बदल गया। कांग्रेस पर प्रहार करते हुए बोले, अल्पसंख्यकों को कांग्रेस ने आज तक सिर्फ ठगा है। डगरुआ की सभा को सूबे की आपदा मंत्री लेसी सिंह ने भी संबोधित किया।

chat bot
आपका साथी