सिवान में पहले दी लड़की से दूर रहने की धमकी, लड़के ने नजदीकी नहीं की कम तो मार दी गोली

बिहार के सिवान में अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को प्रेम प्रसंग के मामले में गोली मारकर घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान मानपुर पतेजी निवासी प्यारे लाल ठाकुर के पुत्र अनूप ठाकुर उर्फ झुन्ना के रूप में हुई है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Thu, 27 Jan 2022 04:11 PM (IST) Updated:Thu, 27 Jan 2022 04:11 PM (IST)
सिवान में पहले दी लड़की से दूर रहने की धमकी, लड़के ने नजदीकी नहीं की कम तो मार दी गोली
सिवान में प्रेम-प्रसंग में युवक को गोली मार दी। सांकेतिक तस्वीर।

संसू आंदर (सिवान): थाना क्षेत्र के मानपुर पतेजी गांव के तीनमुहानी के पास बुधवार की देर शाम अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को प्रेम-प्रसंग के मामले में गोली मारकर घायल कर दिया। स्वजन उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल लाए। स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। यहां हालत गंभीर देख युवक को पटना रेफर कर दिया गया। घायल युवक की पहचान मानपुर पतेजी निवासी प्यारे लाल ठाकुर के पुत्र अनूप ठाकुर उर्फ झुन्ना के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष इंद्रदेव महतो ने बताया कि प्रेम प्रसंग को लेकर मामले की छानबीन की जा रही है।

बताया जाता है कि मानपुर पतेजी गांव निवासी अनूप ठाकुर उर्फ झुन्ना बुधवार की देर शाम शौच करने के लिए घर से कुछ दूरी पर गए थे। शौच से लौटने के दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनपर फायरिंग कर दी। गोली अनूप के बाएं हाथ में लगी, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद वह किसी तरह घर पहुंचे। स्वजन ने उनके हाथ से खून निकलता देख पूछताछ की तो उसने चोट लगने की जानकारी दी और बेहोश हो गया। परिवार के सदस्य उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। चिकित्सकों ने बताया कि इसे गोली लगी है। यह कहकर डाक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। स्वजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

लड़की से नजदीकी हो सकती है वारदात की वजह

मानपुर पतेजी निवासी अनूप कुमार ठाकुर उर्फ झुन्ना पर फायरिंग की घटना को ले क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा हो रही है। इसे लोग प्रेम-प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं। चर्चाओं की मानें तो घायल युवक का किसी लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उस लड़की से कुछ लड़कों का भी प्रेम प्रसंग का मामला जुड़ा हुआ है। उक्त लड़कों द्वारा  अनूप को लड़की से दूर रहने की कई बार चेतावनी दी थी, लेकिन अनूप लड़की से नजदीकी बढ़ाते जा रहा था।  इसी कारण बदमाशों ने उसे गोली मारी है। 

chat bot
आपका साथी