टापू की तरह दिख रही राजधानी की यह कॉलोनी, पार्षद बोले-समस्या तो गंभीर लेकिन हम क्या करें
खतरों के बीच घिरे मौर्य विहार कॉलोनी के पांच हजार बाशिंदे। गड्ढों में तब्दील हुआ ट्रांसपोर्ट नगर रोड ओल्ड व न्यू बाइपास निकलने में जोखिम। खुले चेंबर व पानी भरे गड्ढों के कारण बीमार वृद्ध महिला व बच्चों के लिए खतरा बढ़ा
पटना सिटी, जागरण संवाददाता। पटना सिटी के वार्ड 55 अंतर्गत मौर्य विहार कॉलोनी में बने लगभग पांच सौ घरों में रहने वाले पांच हजार से अधिक लोग भीषण जलजमाव से जूझ रह हैं। स्थिति ऐसी है कि लोगों के लिए घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है। कॉलोनी से निकल कर कुम्हरार-कंकड़बाग रोड तथा ट्रांसपोर्ट नगर होते हुए एनएच पर पहुंचना इन लोगों के लिए जानलेवा हो गया है। करीब दो किलोमीटर लंबा यह मार्ग भूमिगत नाला निर्माण कार्य के कारण गड्ढों में तब्दील हो गया है। इन गड्ढों में बारिश का पानी भरा होने से वाहन तो दूर, पैदल चलने वाले भी गिरते-पड़ते रहते हैं। ऐसे में खासकर मरीजों, वृद्ध, महिला एवं बच्चों के लिए से निकलना मुश्किल हो गया है। ट्रांसपोर्ट नगर में भारी वाहनों के कारण मार्ग में चार से पांच फीट तक के गड्ढे हो गए हैं।
सुस्त गति से चल रहे नाला निर्माण की वजह से आई समस्या
स्थानीय नागरिक मुन्ना सिंह, गोपोल, रंजन सिंह, रविकांत व अन्य का कहना है कि नमामि गंगे योजना के तहत नाला निर्माण कार्य बेहद सुस्त गति से चल रहा है। ट्रांसपोर्ट नगर से ओल्ड व न्यू बाइपास जाने वाला मार्ग खोद कर महीनों से छोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि मौर्य विहार कॉलोनी में रहने वालों के लिए समस्या सबसे अधिक गहरा गयी है। जगह-जगह नाला का चेंबर खुला होने तथा गड्ढे में पानी भर जाने से मार्ग जानलेवा हो गया है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि आइओसी कॉलोनी होकर कुम्हरार रोड, बैंक ऑफ इंडिया के सामने से भागवत नगर जाने, भागवत नगर चौराहा से 90 फीट रोड तक जाना भी जोखिम भरा है। यह मार्ग खोद कर छोड़ दिए जाने के कारण चलना मुश्किल हो गया है। नागरिकों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पथ निर्माण मंत्री, स्थानीय मंत्री, निगम अधिकारी तक से गुहार लगायी जा चुकी है। सभी ने एक-दूसरे का मामला बताते हुए टाल दिया।
(पानी के बीच से गुजरती एक महिला।)
पार्षद बोले- मार्ग की समस्या हुई गंभीर, हम बेबस
वार्ड 55 के पार्षद कंचन कुमार ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर रोड, भागवत नगर चौराहा से 90 फीट रोड एनआरएल पेट्रोल पंप तथा लिट्रा वैली स्कूल मार्ग गड्ढों में बदल गया है। नागरिकों की समस्या गंभीर हो गयी है। यह सभी मार्ग पथ निर्माण विभाग के अधीन है इसीलिए नगर निगम इस मामले में कुछ नहीं कर सकता। कई गड्ढों को भर कर रास्ता चलने लायक बनाया गया है।