विलय को अंजाम तक पहुंचाने में जुटे नीतीश

जनता परिवर के विलय की अड़चनों को दूर करने एवं इसे अंजाम तक पहुंचाने के लिए जदयू नेता एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहल की है।

By pradeep Kumar TiwariEdited By: Publish:Thu, 21 May 2015 09:56 AM (IST) Updated:Thu, 21 May 2015 09:57 AM (IST)
विलय को अंजाम तक पहुंचाने में जुटे नीतीश

पटना। जनता परिवर के विलय की अड़चनों को दूर करने एवं इसे अंजाम तक पहुंचाने के लिए जदयू नेता एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहल की है। दो दिनों पहले उन्होंने विलय के लिए अधिकृत सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव से संबंधित दलों की बैठक बुलाने के लिए आग्रह किया था। गुरुवार को नीतीश कुमार खुद दिल्ली जाएंगे और जनता परिवार से जुड़े दलों के नेताओं से बातचीत करेंगे। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद भी गुरुवार को दिल्ली जा रहे हैं।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि अगले माह विधान परिषद की 24 सीटों पर होने वाले चुनाव में राजद और कांग्रेस के साथ तालमेल हो जाने से भी जदयू का उत्साह बढ़ा है। अब विधानसभा चुनाव से पहले विलय की औपचारिकता पूरी कर लेने पर नए सिरे से जोर दिया जा रहा है। मंगलवार को पटना पहुंचे जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव की राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के साथ हुई बैठक में 10-10 सीटों पर विधान परिषद चुनाव लडऩे का फैसला किया गया है। चार सीटें कांग्रेस को दी जाएंगी।

जदयू के प्रधान राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि विलय से नई राजनीति की शुरुआत होगी। यह शुरुआत बिहार से होगी। लेकिन, अगर हम विधानसभा चुनाव हार गए तो देश में एक पार्टी का एकछत्र राज हो जाएगा। इसे कोई नहीं रोक पाएगा। इसलिए भी हम फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं। विलय को लेकर दो महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर विचार चल रहा है।

पहला तो सीटों का बंटवारा और दूसरा किसके नेतृत्व में बिहार का चुनाव लड़ा जाए।दिल्ली में दो तीन दिनों तक बैठकें होंगी, जिनमें विलय के हर पहलुओं पर चर्चा होगी। किसी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि कुछ लोग विलय में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं। सीटों की संख्या और नेतृत्व के सवाल पर सार्वजनिक रूप से टीका-टिप्पणी कर रहे हैं। एनडीए के कोई दल चाहे वह लोजपा हो या रालोसपा, ऐसा नहीं कर रहे। इन्हें एनडीए से सीख लेनी चाहिए। हम इक_ा नहीं रहेंगे तो हम अपनी मृत्यु की ओर बढ़ेंगे। एकता समय की मांग है। केवल बिहार ही नहीं संपूर्ण देश की जनता की मांग है। इस बीच, शरद यादव बुधवार संध्या वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

10-10 और 4 का फार्मूला तय

जदयू के प्रधान राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि विधान परिषद चुनाव के लिए सीटों पर सहमति बन गई है। 10-10 और चार का फार्मूला तय हुआ है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के बीच मुलाकात के बाद इस फार्मूले पर सहमति बनी है। जदयू 10 और राजद 10 सीटों पर विधान परिषद का चुनाव लड़ेगा। चार सीटें कांग्रेस को दी जाएंगी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डा. अशोक चौधरी ने कहा कि 22 मई को पार्टी की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित है। इस संबंध में वह 22 मई के बाद कोई निर्णय लेंगे।

chat bot
आपका साथी