आया था रेल यात्रियों को लूटने, नशा वाला बिस्कुट भी खिला दिया; पर हो गया सब उल्‍टा

नशा खिलाकर ट्रेन में यात्रियों से लूटपाट करने वाले गिरोह का सदस्य शनिवार को अपने ही बुने जाल में फंस गया।

By Rajesh ThakurEdited By: Publish:Sat, 12 Oct 2019 09:59 PM (IST) Updated:Sat, 12 Oct 2019 09:59 PM (IST)
आया था रेल यात्रियों को लूटने, नशा वाला बिस्कुट भी खिला दिया; पर हो गया सब उल्‍टा
आया था रेल यात्रियों को लूटने, नशा वाला बिस्कुट भी खिला दिया; पर हो गया सब उल्‍टा

पटना, जेएनएन।  नशा खिलाकर ट्रेन में यात्रियों से लूटपाट करने वाले गिरोह का सदस्य शनिवार को अपने ही बुने जाल में फंस गया। दो यात्रियों को झांसे में लेने के लिए पहले बातचीत में ही बिस्कुट खाने का ऑफर दिया। यात्री को झांसे में लेने के लिए खुद भी नशे वाला बिस्किट खा लिया। तीन-चार बिस्किट खाने के कारण दोनों रेल यात्री कुछ ही देर में बेहोश हो गए। इसके बाद बदमाश ने उनका सारा सामान समेट लिया, लेकिन कुछ देर बाद वह भी नशे का असर होने पर बेहोश हो गया और बख्तियारपुर स्टेशन पर उतर गया। रेल पुलिस ने संदिग्ध हालत में उसे देखकर पूछताछ की तो सारा मामला उजागर हुआ।  

नालंदा के पावापुरी निवासी राकेश कुमार और भरत कुमार चेन्नई में किसी कंपनी में काम करते हैं। वहां से दोनों शनिवार को घर लौट रहे थे। बख्तियारपुर स्टेशन पहुंचने के बाद दोनों पावापुरी आने के लिए दानापुर-राजगीर सवारी गाड़ी में चढ़ गए। बख्तियारपुर से ट्रेन खुलते ही एक संदिग्ध ने दोनों को बिस्कुट खाने को दिया। दोनों थोड़ा हिचके तो झांसे में लेने के लिए गिरोह के सदस्य ने भी बिस्कुट खा लिया, जिससे वह भी बेहोश हो गया। बेहोशी की हालत में दोनों भाई राजगीर स्टेशन पहुंच गए, जहां रेल पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि नशाखुरानी गिरोह का सदस्य बेहोशी की हालत में सामान के साथ बख्तियारपुर स्टेशन पहुंच गया, जहां रेल पुलिस ने शक पर  हिरासत में ले लिया।

उसकी पहचान नालंदा के बकरा बिंद निवासी महेश केवट के रूप में हुई। होश में आने पर महेश ने नशा खिलाने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार महेश केवट के पास से दोनों यात्रियों से लूटे गए मोबाइल फोन, 4200 सौ रुपये नकद व अन्य सामान बरामद हुए हैं। रेल पुलिस महेश केवट से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने पीडि़त यात्रियों के परिजनों को कॉल कर बख्तियारपुर स्टेशन आने को कहा। बाद में परिजनों के साथ पहुंचे दोनों पीडि़त यात्रियों ने महेश की पहचान की।

chat bot
आपका साथी