एक साली से दो साढू कर बैठे प्यार, एक करना चाह रहा था शादी-दूसरा बन रहा था रोड़ा-हो गया मर्डर

पटना में हुए एक हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए पुलिस हतप्रभ रह गई। साली से उसके दो साढ़ू को प्यार हो गया लिहाजा एक ने दूसरे की हत्या करा दी।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Tue, 02 Jun 2020 07:50 AM (IST) Updated:Tue, 02 Jun 2020 07:50 AM (IST)
एक साली से दो साढू कर बैठे प्यार, एक करना चाह रहा था शादी-दूसरा बन रहा था रोड़ा-हो गया मर्डर
एक साली से दो साढू कर बैठे प्यार, एक करना चाह रहा था शादी-दूसरा बन रहा था रोड़ा-हो गया मर्डर

पटना, जेएनएन। राजधानी में साली से उसके दो साढू प्यार कर बैठे। एक की राह में जब दूसरा रोड़ा बना तो उसने रास्ता खाली करने के लिए हत्या करा दी। मामला पुनपुन थाना क्षेत्र के पोठही का है। सोमवार को पिंटू हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। मुख्य आरोपित रोशन कुमार सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक हत्या के पीछे मुख्य वजह रोशन अपनी साली से शादी करना चाहता था। लेकिन उसका साढू पिंटू रास्ते का रोड़ा बन रहा था। 27 मई को रोशन अपने तीन दोस्त विशाल, धर्मवीर कुमार और पवन कुमार की मदद से अपने साढू पिंटू की हत्या कर दी।

पिंटू और साली के बीच बढ़ गई थी नजदीकी

वारदात के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा मामले की जांच करने खुद पुनपुन गए थे। पुलिस ने पिंटू का मोबाइल नंबर खंगालना शुरू किया। तब उसकी साली का नंबर मिला। जांच के दौरान यह बात सामने आई की वारदात के एक दिन पहले रोशन और साली के बीच काफी लंबी बातचीत हुई थी। यहीं से पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे। परसा बाजार निवासी रोशन रिश्ते में  पिंटू का बड़ा साढू था।  बड़ी बहन से रोशन की और दूसरी से पिंटू की शादी थी।  रोशन की शादी छह साल पहले हुई थी। वह पत्नी को पसंद नहीं करता था। अपनी साली को चाहता था। वहीं पिंटू का भी दिल उसी साली पर आ गया था। रोशन उससे शादी करना चाहता था, जबकि पिंटू उससे नजदीकियां बढ़ाना चाहता था। यह रोशन को नागवार लगता था।

सरकारी गवाह बनेगी साली

वारदात के दो तीन दिन पहले रोशन अपनी साली से मोबाइल पर शादी की बात कर रहा था। जिसमें पिंटू रोड़ा बन रहा था। इसके बाद रोशन ने पिंटू को रास्ते से हटाने के लिए अपने दोस्त पवन से मदद मांगी। पवन ने धर्मवीर और विशाल को पिंटू की  हत्या की सुपारी दी थी। एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पूछताछ में साली ने सच्चाई बता दी। वह सरकारी गवाह बनने के लिए भी तैयार हो गई है।

chat bot
आपका साथी