बिहार: महागठबंधन में सीटों का बंटवारा, 9+1 पर मानी कांग्रेस, कन्हैया को जगह नहीं

बिहार में महागठबंधन में चल रही खींचतान के बाद शुक्रवार को सीटों का बंटवारा हो गया है। कांग्रेस 9+1 पर सहमत हुई है तो वहीं कन्हैया कुमार को महागठबंधन में जगह नहीं मिली है।

By Kajal KumariEdited By: Publish:Fri, 22 Mar 2019 07:01 PM (IST) Updated:Sat, 23 Mar 2019 11:01 AM (IST)
बिहार: महागठबंधन में सीटों का बंटवारा, 9+1 पर मानी कांग्रेस, कन्हैया को जगह नहीं
बिहार: महागठबंधन में सीटों का बंटवारा, 9+1 पर मानी कांग्रेस, कन्हैया को जगह नहीं

पटना [राज्य ब्यूरो]। पखवारे भर की कवायद और भारी रस्साकशी के बीच राजद-कांग्रेस के नेतृत्व वाले महागठबंधन ने आखिरकार शुक्रवार को लोकसभा सीटों का बंटवारा कर लिया। पहले चरण की चार सीटों के लिए प्रत्याशियों का एलान भी कर दिया गया। सबसे बड़ी बात यह कि समाजवादी नेता शरद यादव ने अगला चुनाव राजद के सिंबल पर लडऩे पर सहमति दे दी है।

भाकपा-माकपा को महागठबंधन से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। यहां तक कि बेगूसराय में पिछले छह महीने से तैयारी कर रहे कन्हैया कुमार के लिए भी जगह नहीं निकल पाई। 

बिहार में लोकसभा की कुल 40 सीटों में राजद के हिस्से में 20 एवं कांग्रेस के खाते में नौ सीटें आई हैं। उसे बाद में राज्यसभा की भी एक सीट मिलेगी।

इसी तरह राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) को पांच, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम ) एवं विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को तीन-तीन सीटें मिलेंगी। इसके अलावा नवादा विधानसभा क्षेत्र भी हम को दे दिया गया है, जहां उपचुनाव होने हैं। यहां पहले चरण में ही वोट पडऩे हैं। राजद अपने कोटे से भाकपा माले को भी एक संसदीय सीट देगा।

शुक्रवार को राजधानी के एक होटल में राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, हम प्रवक्ता दानिश रिजवान, रालोसपा के प्रदेश अध्यक्ष बीएल वैश्यंत्री ने संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस करके महागठबंधन की सीटों का एलान किया। मीडिया को बताया गया था कि राजद नेता तेजस्वी यादव संबोधित करेंगे, लेकिन वह नहीं आ सके।

इससे पहले राबड़ी देवी के आवास पर सभी घटक दलों के प्रमुख नेताओं की बैठक हुई, जिसमें शरद यादव, तेजस्वी यादव, मदनमोहन झा, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा एवं मुकेश सहनी समेत कई नेता शामिल थे। राजद प्रवक्ता ने बताया कि शरद यादव और उनकी पार्टी का एक प्रत्याशी राजद के सिंबल पर चुनाव लड़ेंगे। 

किसे कितनी सीटें

राजद : 20

कांग्रेस : 9 (राज्यसभा की एक सीट अतिरिक्त) 

रालोसपा : 5

हम : 3

वीआईपी : 3

माले : 1 (राजद कोटे से)

पहले चरण के प्रत्याशी 

क्षेत्र : पार्टी : प्रत्याशी 

गया : हम : जीतनराम मांझी 

औरंगाबाद : हम : उपेंद्र प्रसाद 

जमुई : रालोसपा : भूदेव चौधरी

नवादा : राजद : विभा देवी 

विधानसभा उपचुनाव 

नवादा : हम : धीरेंद्र कुमार मुन्ना

डेहरी : राजद : मो. फिरोज हुसैन

chat bot
आपका साथी