Bihar BJP President: भाजपा ने दी सम्राट चौधरी को बड़ी जिम्मेदारी, बनाया बिहार का नया प्रदेश अध्यक्ष

Bihar New BJP President भाजपा ने सम्राट चौधरी को बिहार भाजपा की कमान सौंपी है। चौधरी बिहार में लालू यादव राबड़ी देवी नीतीश कुमार और जीतन राम मांझी की सरकार में मंत्री रह चुके हैं। अब वे विधानसभा में प्रतिपक्ष की भूमिका में हैं।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Thu, 23 Mar 2023 11:43 AM (IST) Updated:Thu, 23 Mar 2023 05:39 PM (IST)
Bihar BJP President: भाजपा ने दी सम्राट चौधरी को बड़ी जिम्मेदारी, बनाया बिहार का नया प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा ने दी सम्राट चौधरी बने बिहार भाजपा के अध्यक्ष

पटना जागरण डिजिटल। Bihar BJP President: भाजपा ने गुरुवार को बिहार भाजपा के नए अध्यक्ष की घोषणा की है। विधानपरिषद के सदस्य सम्राट चौधरी को बिहार भाजपा का नया अध्यक्ष बनाया गया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सम्राट चौधरी को तत्काल प्रभाव से बिहार भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया है। सम्राट चौधरी डॉ. संजय जायसवाल की जगह लेंगे। 

Samrat Chowdhary has been made the President of Bihar BJP. pic.twitter.com/MKBul0RSe9

— ANI (@ANI) March 23, 2023

कुशवाहा समाज से आते हैं सम्राट

भाजपा ने लोकसभा 2024 के चुनाव को देखते हुए सम्राट चौधरी को बिहार की कमान सौंपी है। जदयू से उपेंद्र कुशवाहा के अलग होने के बाद भाजपा ने कुशवाहा वोटों को साधने के लिए बड़ी चाल चल दी है। इसीलिए प्रदेश अध्यक्ष के पद पर सम्राट चौधरी की ताजपोशी की गई है।

पार्टी की इस पहल से माना जा रहा है कि नए अध्यक्ष सम्राट चौधरी के नेतृत्व में ही भाजपा 2024 का लोकसभा और 2025 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

भाजपा ने लगातार तीसरी बार पिछड़े समाज से आने वाले नेता को प्रदेश अध्यक्ष बना कर बड़ा संदेश देने का काम किया है। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष संजय जयसवाल और वर्तमान में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के बाद, पिछड़े समाज से तीसरे नेता को पार्टी ने लगातार प्रदेश अध्यक्ष बनाया है।

नगर विकास और पंचायती राज समेत कई विभागों के मंत्री रह चुके हैं सम्राट

सम्राट चौधरी के राजनीतिक जीवन की बात करें तो वो बिहार में लालू यादव, राबड़ी देवी, नीतीश कुमार और जीतन राम मांझी की सरकार में नगर विकास और पंचायती राज विभाग के अलावा कई विभागों के मंत्री रह चुके हैं।

पिता शकुनी चौधरी की भी राजनीति में पैठ

सम्राट चौधरी मूलतः मुंगेर जिले के लखनपुर के रहने वाले हैं। उनका खगड़िया से अटूट रिश्ता रहा है। उनकी राजनीतिक कर्मभूमि खगड़िया रही है। सम्राट के पिता शकुनी चौधरी खगड़िया के सांसद रह चुके हैं। सम्राट खुद खगड़िया जिले के परबत्ता विधान सभा से दो बार विधायक रह चुके हैं।

वे साल 2000 में पहली बार परबत्ता से विधायक चुने गए थे। हालांकि, साल 1990 से सक्रिय राजनीति में शामिल होने के साथ वे हमेशा से चर्चा में रहे हैं।

पिता शकुनी चौधरी को लखनपुर आवास पर बधाई देते व मिठाई खिलाते लोग

सम्राट चौधरी के पिता व पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी ने जागरण संवाददाता से बात करते हुए कहा कि उनकी किस्मत में मुख्यमंत्री बनना लिखा है और उन्हें बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में देखना मेरी भी इच्छा है। उन्होंने आगे कहा कि सम्राट चौधरी के कई बार मंत्री बनने में मेरा कोई सहयोग या सिफारिश नहीं रही है, बल्कि उनकी कार्यशैली और क्षमता ही उनको आगे बढ़ा रही है। बिहार के हर जाति और वर्ग के लोग उनको आगे बढ़ना देखना चाहते हैं।बिहार जैसे महत्वपूर्ण प्रदेश में भाजपा का अध्यक्ष होना बड़ी खुशी की बात है और हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।

लालू सरकार में बने कृषि मंत्री पर छोड़ना पड़ा पद

19 मई 1999 को सम्राट चौधरी पहली बार मंत्री बने थे। लालू प्रसाद के शासनकाल में वे कृषि मंत्री बनाए गए थे लेकिन उम्र से अयोग्य होने के कारण उन्हें मंत्री पद छोड़ना पड़ा।

उन्होंने 2000 में पहली बार परबत्ता विधानसभा से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। हालांकि, बाद के चुनाव में उन्हें हार का समाना करना पड़ा था। 2010 में वे फिर से राजद से विधायक निर्वाचित हुए।

2010 में उन्हें बिहार विधानसभा में विपक्षी दल का मुख्य सचेतक बनाया गया। साल 2014 में वे राजद छोड़कर जदयू में शामिल हो गए। 2 जून 2014 को बिहार सरकार में शहरी विकास और आवास विभाग के मंत्री बनाए गए। फिर, जीतन राम मांझी की सरकार में भी मंत्री बने। उसके बाद वे भाजपा में शामिल हुए। 2018 में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए थे।

नए अध्यक्ष को भाजपा नेताओं ने दी बधाई

सम्राट चौधरी के बिहार भाजपा के अध्यक्ष घोषित होने के बाद दल के विधायकों, विधान पार्षदों, पार्टी के नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, भाजपा के एमएलसी अनिल शर्मा, निवेदिता सिंह, संजय पासवान, प्रदेश उपाध्यक्ष राधा मोहन शर्मा के अलावा विधान परिषद में प्रतिपक्ष के मुख्य सचेतक दिलीप ने चौधरी को शुभकामनाएं दी।

chat bot
आपका साथी