फिर नक्सलवाद लाना चाह रहे राजद-कांग्रेस : योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने बुधवार को एनडीए के पक्ष में बिहार में चुनावी सभाओं में नक्सलवाद के लिए राजद और कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Oct 2020 07:42 AM (IST) Updated:Thu, 22 Oct 2020 07:42 AM (IST)
फिर नक्सलवाद लाना चाह रहे राजद-कांग्रेस : योगी
फिर नक्सलवाद लाना चाह रहे राजद-कांग्रेस : योगी

पटना । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने बुधवार को एनडीए के पक्ष में बिहार में चुनावी सभाओं में नक्सलवाद के लिए राजद और कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। कहा, ये दोनों दल फिर से यहां में अराजकतावादी ताकतों को पनपने का मौका देना चाहते हैं। बिहार महर्षि विश्वामित्र की धरती है जिन्होंने भगवान राम के माध्यम से मारीच व सुबाहु जैसे आतंकी का सफाया किया था। बिहार ज्ञान, शांति व सद्भाव की भूमि है। यहां भ्रष्टाचार, अराजकता व नक्सलवाद के लिए कोई जगह नहीं है।

पालीगंज के खेल मैदान पर भी योगी आदित्यनाथ राजद व कांग्रेस पर जमकर बरसे। कहा कि दोनों पार्टियां कोरोना से कम नहीं है। देश के टुकड़े-टुकड़े करने वालों को समर्थन देना दुर्भाग्य से कम नहीं है। राजद के युवराज तेजस्वी यादव 10 लाख युवाओं को रोजगार देने की बात करते हैं। 15 वर्षो के शासनकाल में उनके माता-पिता ने कितने लोगों को नौकरियां दीं। अगर गरीबों के लिए इन लोगों ने थोड़ा भी सोचा होता, तो गरीबों को रोजगार, मकान व गैस कनेक्शन से लेकर सारी सुविधाएं मिल गई होतीं।

योगी ने भोजपुर के पीरो में कहा कि कांग्रेस व राजद को काम करने के लिए पर्याप्त मौका मिला था लेकिन इन दोनों ने परिवार को छोड़कर दूसरों के लिए कुछ नहीं किया। दरअसल इनके लिए परिवार ही देश है, परिवार ही पार्टी है। हमारे लिए देश और जनता सर्वोपरि है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की तकदीर बदली है। केंद्र की भाजपा नीत सरकार के कार्यकाल में तीन करोड़ लोगों को आवास, चार करोड़ घरों को बिजली, आठ करोड़ परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, 12 करोड़ किसानों को किसान समृद्धि योजना का लाभ व पचास करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ दिया गया। धारा 370 हटाने, राममंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने जैसी उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि हमने आम आदमी के साथ भगवान श्रीराम के काम को भी बखूबी पूरा किया है। ये काम राजद या कांग्रेस नहीं कर पाती। देश के प्रति कांग्रेस के मन में खोट है। कांग्रेस के नेता पाकिस्तान की तारीफ करते हैं। श्री मोदी ने कहा कि हम दुनिया में भारत का शौर्य स्थापित करने में लगे हैं। आज हमारे पड़ोसी पाकिस्तान की हेकड़ी बंद है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का पूरी दुनिया में रुतबा कायम हुआ है।

chat bot
आपका साथी