Ram Vilas Paswan Death News: पटना लाया गया पासवान का पार्थिव शरीर, नीतीश-तेजस्वी ने दी श्रद्धांजलि

Ram Vilas Paswan Death News केंद्रीय मंत्री व एलजेपी नेता राम विलास पासवान का गुरुवार को दिल्‍ली में निधन हो गया। उनका शव पटना लाया गया है। पासवान के निधन पर शोक-संवेदनाओं का तांता लगा हुआ है। उनका अंतिम संस्‍कार कल पटना में होगा।

By Amit AlokEdited By: Publish:Fri, 09 Oct 2020 03:41 PM (IST) Updated:Fri, 09 Oct 2020 07:34 PM (IST)
Ram Vilas Paswan Death News: पटना लाया गया पासवान का पार्थिव शरीर, नीतीश-तेजस्वी ने दी श्रद्धांजलि
एलजेपी के संस्‍थापक व केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान का पार्थिव शरीर पटना पहुंचा।

पटना, जागरण टीम। Ram Vilas Paswan Death News: केंद्रीय मंत्री व लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के संस्थापक रामविलास पासवान (Ram Vilas Paswan) का गुरुवार को दिल्ली के एक अस्‍पताल में निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर देर शाम (Dead Body) पटना लाया गया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित कई बड़े नेता पटना एयरपोर्ट पहले से ही पहुंच। स्टेट हैंगर में चिराग पासवान, सीएम नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, अश्विनी कुमार चौबे, बिहार के डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी और प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, विधानसभा अध्यक्ष विजय चौधरी, अवधेष नारायण चौधरी, मनोज झा आदि ने दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

दीघा गंगा घाट पर कल होगा अंतिम संस्कार

पटना के दीघा गंगा घाट पर उनका राजकीय सम्‍मान के साथ अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा। इसके पहले दिल्‍ली स्थित निवास पर उन्‍हें श्रद्धांजलि देने राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद (Ram Nath Kovind) एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) सहित केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्‍य व अन्‍य गणमान्‍य लोग पहुंचे। पटना में भी उनका पार्थिव शरीर लोक जनशक्ति पार्टी कार्यालय (LJP office) में रखा जाएगा, जहां पार्टी के नेता-कार्यकर्ता व गणमान्‍य लोग उन्‍हें श्रद्धांजलि देंगे। इस बीच उनके निधन पर शोक संवेदनाओं का भी तांता लगा हुआ है।

विधानसभा व एलजेपी कार्यालय में रखा जाएगा शव

गुरुवार को राम विलास पासवान के निधन के बाद उनका शव शुक्रवार को वायुसेना के विशेष विमान से सायं पटना लाया गया। पटना एयरपोर्ट से उसे विधानसभा लाया जाएगा। फिर पार्थिव शरीर को एलजेपी कार्यालय में रखा जाएगा। शनिवार को पटना के दीघा स्थित जनार्दन घाट पर राजकीय सम्‍मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

अंतिम संस्‍कार में केंद्र सरकार के प्रतिनिधि रहेंगे रविशंकर

पासवान के शव के साथ केंद्रीय मंत्री रविशंकर  प्रसाद पटना आ रहे हैं। केंद्र सरकार के प्रतिनिधि के रूप में वे शनिवार को अंतिम संस्‍कार में शामिल होंगे।

पासवान के निधन पर शोक-संवेदनाओं का लगा तांता

राम विलास पासवान के निधन पर पूरे देश में शाेक की लहर है। राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पक्ष-विपक्ष के तमाम बड़े नेताओं व गणमान्‍य लोगों ने उन्‍हें श्रद्धाजलि दी है। बिहार की बात करें तो मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार व उनके मंत्रिमंडल के सदस्‍यों, बिहार से जुड़े केंद्रीय नेताओं, बिहार के जनप्रतिनिधियों व नेताओं तथा गणमान्‍य लोगों ने शोक व्‍यक्‍त किया है।

भारतीय राजनीति के बड़े हस्ताक्षर थे : नीतीश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि वे भारतीय राजनीति के बड़े हस्ताक्षर थे। वे प्रखर वक्ता, कुशल प्रशासक, मजबूत संगठनकर्ता और बेहद मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। पासवान के साथ उनका आत्मीय व पुराना था। उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

केंद्रीय मंत्रियों ने जताया निधन पर शोक

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने उन्‍हें याद करते हुए कहा कि रामविलास पासवान ने छह पीएम के साथ काम किया। केंद्रीय मंत्री गिरिरराज सिंह ने कहा कि उनका कोइ्र दुश्‍मन नहीं रहा, मतभेद भले रहे हों। बीजेपी के प्रवक्‍ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि वे समाजिक न्‍याय के नेता थे। उन्‍होंने समाज को जोड़ने के लिए जीवन दे दिया। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि रामविलास पासवान का बिहार की राजनीति में योगदान अविस्मरणीय है।

देश ने मानवतावादी नेता खो दिया: देवेंद्र फड़णवीस

रामविलास पासवान के निधन पर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार बीजेपी के चुनाव प्रभारी देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि देश ने एक मानवतावादी नेता खो दिया। गरीब व वंचितों के लिए उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। वे बिहार की राजनीति को बदलने वाले नेता थे। महाराष्ट्र से जुड़े कई मुद्दों को लेकर हमेशा उनसे मुलाकात होती रही, हर बार वे बेहद सकारात्मक रूप से मिलते थे।

बीजेपी सांसद बोले- बेजुबानों की थे आवाज

सांसद रामकृपाल यादव ने कहा कि पासवान देश के करोड़ो गरीबों और बेजुबानों के आवाज थे। सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद ने भी पासवान के निधन पर शोक प्रकट किया। सांसद विवेक ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ नेता रामविलास पासवान के निधन पर गहरी शोक संवेदना प्रकट किया। बीजेपी के प्रदेश महामंत्री संजीव चौरसिया और देवेश कुमार ने शोक जताया है।

बिहार के मंत्री बोले: हमेशा खलेगी कमी

बिहार के पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने अपने शोक संदेश में कहा कि रामविलास पासवान की कमी हमेशा खलेगी। सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री नीरज कुमार ने कहा कि रामविलास पासवान के निधन से समाजवादी विचारधारा का प्रहरी हमलोगों के बीच से उठ गया। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा है कि रामविलास पासवान के  निधन से भारतीय राजनीति में जो रिक्तता आई है उसे कभी भरा नहीं जा सकेगा।

जेडीयू बोला: निधन से एक युग का अंत

जनता दल यूनाइटेट के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि रामविलास पासवान देश के बड़े नेताओं में शुमार थे। गरीब और समाज में हाशिए पर रहे लोगों के लिए वह आजीवन काम करते रहे। वह 74 आंदोलन के साथी थे। देश ने एक समाजवादी नेता को खो दिया। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक कुमार चौधरी ने रामविलास के निधन पर शोक जताया है। जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि रामविलास पासवान के निधन से एक युग का अंत हो गया है। पूर्व मंत्री श्याम रजक ने भी अपनी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि उनके साथ कई आंदोलन में वह रहे।

भाई आप जल्दी चले गए: लालू प्रसाद यादव

राष्‍ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने रामविलास पासवान से अपना 45 साल का रिश्ता बताया और सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। निधन की खबर सुनने के बाद दुख जताते हुए लालू ने लिखा कि रामविलास भाई आप जल्दी चले गए। इससे ज्यादा कुछ कहने की स्थिति में नहीं हूं। आपके असामयिक निधन का समाचार सुन कर अति मर्माहत हूं। गत 45 वर्षों का अटूट रिश्ता और साथ लड़ी तमाम सामाजिक, राजनीतिक लड़ाइयां आंखों में तैर रही हैं। विदित हो कि पासवान से लालू का गहरा रिश्ता रहा। राजनीतिक बयानबाजियों के दौर में भी कभी लालू ने पासवान के बारे में कभी तल्ख टिप्पणी नहीं की।

कांग्रेस नेताओं ने व्‍यक्‍त किया शोक

कांग्रेस नेताओं ने रामविलास पासवान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बिहार कांग्रेस के प्रभारी

शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि उनकी कमी हर वक्‍त खलेगी। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि रामविलास पासवान का यूं चले जाना भारतीय राजनीति के लिए एक गहरा सदमा है। वे हमेशा याद आते रहेंगे। विधायक दल के नेता सदानंद सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष समीर कुमार सिंह, श्याम सुंदर सिंह धीरज, डॉ. अशोक कुमार, कौकब कादरी, अखिलेश प्रसाद सिंह, प्रेमचंद मिश्रा, हरखू झा, एचके वर्मा और राजेश राठौर ने भी शोक व्यक्त किया है।

इन्‍होंने भी कही ये बात

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी ने कहा कि पासवान के निधन से वे मर्माहत हैं। विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि देश और बिहार के विकास के लिए रामविलास पासवान द्वारा किए गए कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि बिहार के बेमिसाल लाल रामविलास पासवान के निधन से उन्हें व्यक्तिगत क्षति हुई है।

chat bot
आपका साथी