नीतीश-लालू अहंकारी, कर रहे बिहार का सत्‍यानाश : रघुबर दास

झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार की सरकार नहीं, सर्कस है। इसमें एक रिंग मास्टर भी है। दो अहंकारी नेता मिल गए हैं। रघुबर दास पटना के श्रीकृषण मेमोरियल हॉल में आयोजित तैलिक साहू सम्‍मेलन काे संबोधित कर रहे थे।

By Amit AlokEdited By: Publish:Sun, 02 Aug 2015 12:05 PM (IST) Updated:Sun, 02 Aug 2015 09:30 PM (IST)
नीतीश-लालू अहंकारी, कर रहे बिहार का सत्‍यानाश : रघुबर दास

पटना। राजद-जदयू के गठबंधन पर करारा प्रहार करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार की सरकार नहीं, सर्कस है। इसमें एक रिंग मास्टर भी है। दो अहंकारी नेता मिल गए हैं और राज्य का सत्यानाश करना चाह रहे हैं। एक को अपने बेटे-बेटियों की चिंता है तो दूसरे को सिर्फ अपनी।

उन्होंने कहा कि हमें नव बिहार बनाना है, जहां जातिवाद और क्षेत्रवाद के लिए कोई जगह नहीं होगी। रघुवर श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में रविवार को तेली-साहू सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम उनके सम्मान में आयोजित किया गया था।

रघुवर ने कहा कि जिसे अहंकार हो जाता है, उसका सर्वनाश निश्चित है। दुर्योधन और कर्ण को भी अहंकार हो गया था। दोनों दोस्ती करके पांडवों को मिटाना चाह रहे थे, लेकिन खुद ही मिट गए। झारखंड की तरह बिहार को भी बड़ा फैसला करना है। जनता को विभाजन नहीं, विकास चाहिए।

रघुवर ने कहा कि बिहार में किसी ने 15 साल तो किसी ने 10 साल शासन किया और इसके गौरवशाली अतीत को कलंकित कर दिया। लोकसभा चुनाव में जनता ने उन्हें सबक दे दिया। किसी को दो मिला तो किसी को चार।

लोक सभा चुनाव के नतीजे ने संकेत कर दिया कि अब नकारात्मक राजनीति नहीं चलेगी। सिर्फ विकास की राजनीति चलेगी और जनता झांसे में नहीं आएगी।

नीतीश का नाम लिए बगैर रघुवर ने कहा कि विकास के नाम पर वोट मांगा था तो इस्तीफा क्यों दिया? दरअसल वे अति महत्वाकांक्षा में प्रधानमंत्री बनने का सपना देखने लगे थे। अब उसी नरेंद्र मोदी के आगे झुकना पड़ रहा है, जिसका कभी विरोध किया था।

रघुवर ने पूछा कि सामाजिक न्याय का ढोंग करने वालों ने जीतनराम मांझी से इस्तीफा क्यों लिया? बेमेल गठबंधन करके दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं को भी धोखा दिया है।

....

लालू के लालटेन से बिहार को रोशन करेंगे नीतीश : सुशील मोदी

भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि जो बिहार को आगे लेकर जाना चाहते थे वे अब लालू प्रसाद के लालटेन से रोशन करना चाह रहे हैं। भूल गए उस दिन को, जब 10 हजार व्यवसायी राज्य छोड़कर चले गए थे। टमटम पर चढ़कर कोई रथ का मुकाबला नहीं कर सकता।

उन्होंने कहा कि मंडल और कमंडल अब दोनों हमारे पास हैं। नीतीश सरकार में एक भी मंत्री तेली-साहू समुदाय से नहीं है, जबकि भाजपा ने सबसे पहले सत्यनारायण साहू को राज्यसभा भेजा था। बाद में रामनारायण मंडल और सुनील कुमार पिंटू को मंत्री बनाया। आज भी विधानसभा में जो तीन विधायक हैं, वे सभी भाजपा के हैं।

सुशील मोदी ने कहा कि केंद्र में मोदी की सरकार बनवाई, अब बिहार में भी बनवाइए। विकास की गाड़ी तभी आगे बढ़ेगी जब डबल इंजन होगा। केंद्र को आंख दिखाकर कोई राज्य विकास नहीं कर सकता।

उन्होंने कहा कि अगर भाजपा की सरकार बनी तो 15 लाख टर्नओवर वाले व्यवासायियों का वाणिज्यकर माफ कर दिया जाएगा। रघुवर ने छह महीने में झारखंड का नक्शा बदल दिया है। दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार होगी तो मिलकर विकास करेंगे।

....

लालू-नीतीश का गठबंधन नीला जहर : नंद किशोर

विधानसभा में विपक्ष के नेता नंद किशोर यादव ने कहा कि मोदी का डंका दुनिया में बज रहा है तो बिहार में कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। नरेंद्र मोदी जब पीएम कैंडिडेट बने तो नीतीश ने भाजपा से नाता तोड़ लिया, लेकिन गए कहां? केवल मोदी को रोकने के लिए ही नीतीश ने गठबंधन किया है। दोनों की दोस्ती नीला (नीतीश और लालू), अर्थात सांप का जहर है। इससे नुकसान ही है।

कार्यक्रम को विधायक सुनील कुमार पिंटू, रामनारायण मंडल, असम के सांसद लखन तेली, नेपाल के सांसद भरत शाह, विधान पार्षद लाल बाबू प्रसाद ने किया। मंच संचालन भाजपा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष सुषमा साहू ने किया।

.....

रघुबर के बयान की जदयू ने की निंदा

सम्मेलन में दिए गण् रघुवर दास के व्यक्तव्य पर जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने रघुबर पर बिहार विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।

....

युवा राजद ने रघुबर का पुतला फूंका

युवा राजद के कार्यकर्ताओं ने भी झारखंड के मुख्यमंत्री के बिहार दौरा का विरोध किया। उन्होंने आयकर गोलंबर पर रघुवर दास का पुतला फूंका और नारेबाजी की।

chat bot
आपका साथी