पीएम मोदी की पहल पर बन गई बात: राष्ट्रपति प्रत्‍याशी द्रौपदी मुर्मू का प्रस्तावक बनेगा जेडीयू, पारस व चिराग भी आए साथ

President Election 2022 राष्‍ट्रपति चुनाव में एनडीए प्रत्‍याशी द्रौपदी मुर्मू के लिए पीएम नरेंद्र मोदी की पहल पर बिहार एनडीए में दूरियां घटती दिख रहीं हैं। अब सीएम नीतीश कुमार का जेडीयू राष्ट्रपति प्रत्‍याशी द्रौपदी मुर्मू का प्रस्तावक बनेगा। पशुपति पारस व चिराग पासवान भी एक साथ आ गए हैं।

By Amit AlokEdited By: Publish:Thu, 23 Jun 2022 02:49 PM (IST) Updated:Thu, 23 Jun 2022 05:10 PM (IST)
पीएम मोदी की पहल पर बन गई बात: राष्ट्रपति प्रत्‍याशी द्रौपदी मुर्मू का प्रस्तावक बनेगा जेडीयू, पारस व चिराग भी आए साथ
President Election 2022: द्रौपदी मुमू, नीतीश कुमार एवं पीएम मोदी। फाइल तस्‍वीरें।

पटना, आनलाइन डेस्‍क। President Election 2022: राष्‍ट्रपति चुनाव के लिए राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की प्रत्‍याशी द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) के लिए समर्थन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के फोन करने के बाद बिहार में जनता दल यूनाइटेड (JDU) व भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच बढ़ती दूरियां कम हुईं हैं। केंद्र सरकार से कई मुद्दों पर अलग मत रखने वाला जेडीयू अब एनडीए के राष्ट्रपति प्रत्‍याशी द्रौपदी मुर्मू का न केवल समर्थन कर रहा है, बल्कि प्रस्तावक भी बनेगा। इसके अलावा राष्‍ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) के अध्‍यक्ष व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस (Pashupati Paras) ने भी अपने सभी पांच सांसदों को प्रस्तावक बनाया है। बिहार बीजेपी के दोनों उपमुख्यमंत्री प्रस्तावक बनेंगे। लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास (LJP Ramvilas) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने भी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा की है।

सामान्‍यत: राष्ट्रपति पद के प्रत्‍याशी तीन सेट में अपना नामांकन करते हैं। प्रत्‍येक सेट में 50-50 सांसद प्रस्तावक बनते हैं। इस बार भी ऐसी ही व्यवस्था की जा रही है।

राष्‍ट्रपति चुनाव में एनडीए प्रत्‍याशी का प्रस्‍तावक बनेगा जेडीयू

बताया जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से फोन पर बात करने के बाद जेडीयू अब बीजेपी के साथ नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने फोन पर बात की थी। इसके बाद जेडीय ने द्रोपदी मुर्मू के लिए प्रस्तावक होने का फैसला किया है। जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, दिलेश्वर कामत, चंदेश्वर चंद्रवंशी, सुनील कुमार पिंटू और आलोक कुमार सुमन राष्‍ट्रपति पद की प्रत्‍याशी द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावक बनेंगे।

दोनों उपमुख्‍यमंत्री व आरएलजेपी के सांसद भी बनेंगे प्रस्‍तावक

आरएलजेपी के अध्‍यक्ष व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस ने भी अपने सभी सांसदों को राष्ट्रपति पद की प्रत्‍याशी द्रौपदी मुर्मू का प्रस्तावक बना दिया है। उनके भतीजे व एलजेपी रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा कर दी है। बिहार बीजेपी की तरफ से दोनों उपमुख्‍यमंत्री रेणु देवी एवं तार किशोर प्रसाद भी राष्ट्रपति पद की प्रत्‍याशी द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावक बनेंगे। बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने बताया कि राष्ट्रपति चुनाव में लोकसभा के ह्विप प्रस्तावक बनते हैं।

chat bot
आपका साथी