योगी आदित्‍यनाथ के 'अब्‍बा जान' वाले बयान पर ललन सिंह ने कही बड़ी बात, बोले- यह देश सभी का है,

जदयू के अध्‍यक्ष ललन सिंह ने उत्‍तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्‍यनाथ के अब्‍बा जान वाले बयान पर एतराज जताया है। उन्‍होंने दिल्‍ली में इस बाबत पूछे जाने पर कहा कि बोलने के वक्‍त संयम रखना जरूरी है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 11:13 PM (IST) Updated:Wed, 15 Sep 2021 08:20 AM (IST)
योगी आदित्‍यनाथ के 'अब्‍बा जान' वाले बयान पर ललन सिंह ने कही बड़ी बात, बोले- यह देश सभी का है,
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह। जागरण आर्काइव।

राज्य ब्यूरो, पटना। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने मंगलवार को कहा कि यह देश सभी का है। चाहे वह हिंदू, मुसलमान, ईसाई या फिर किसी अन्य समुदाय के लोग हों। राजनीतिक दल व नेताओं को इस संदर्भ में किसी तरह की बात करने में संयम रखना चाहिए। दिल्ली स्थित जदयू के राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जब यूपी के सीएम योगी आदित्य नाथ के अब्बा जान वाले बयान पर हो रही टीका-टिप्पणी के संबंध में ललन सिंह से पूछा गया तब उन्होंने यह बात कही। 

ललन सिंह ने कहा कि भारत के लिए विविधता में एकता की बात कही जाती है। यह देश सभी का है। किसी के लिए भी ऐसे शब्द का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए जिससे देश को नुकसान हो। इस क्रम में ललन सिंह ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधा। हेमंत सोरेन ने बिहार के भोजपुरी और मगही भाषी लोगों के खिलाफ टिप्पणी की थी। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सभी को यह अधिकार है कि वह देश के किस हिस्से में रहना चाहता है। मालूम हो कि झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने भोजपुरी और मगही बोलने वाले लोगों को वर्चस्‍व चाहने वाला बताया था। उन्होंने कहा था कि झारखंड के आंदोलन के वक्‍त भोजपुरी में गालियां दी जाती थीं। उनके इस बयान से बिहार के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

योगी ने यूपी के कुशीनगर में दिया था 'अब्बा जान' वाला बयान

बता दें कि उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी का नाम लिए बिना योगी आदित्यनाथ ने कहा था 'अब्बा जान' कहने वाले गरीबों की नौकरी पर डाका डालते थे। यूपी सीएम ने कहा था कि पूरा परिवार झोला लेकर निकल पड़ता था। मंच से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी ने कहा था कि अब्बा जान कहने वाले राशन तक हजम कर जाते थे।

chat bot
आपका साथी