पटना में बड़ी वारदातः राजीवनगर में नेपाल की नाबालिग लड़की को अगवाकर छह ने किया दुष्कर्म

पटना के राजीवनगर इलाके में नेपाल की रहने वाली नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की शिकायत पर चार आरोपितों के गिरफ्तार कर लिया है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Tue, 02 Jun 2020 11:44 AM (IST) Updated:Wed, 03 Jun 2020 08:45 AM (IST)
पटना में बड़ी वारदातः राजीवनगर में नेपाल की नाबालिग लड़की को अगवाकर छह ने किया दुष्कर्म
पटना में बड़ी वारदातः राजीवनगर में नेपाल की नाबालिग लड़की को अगवाकर छह ने किया दुष्कर्म

पटना, जेएनएन। बिहार की राजधानी में एकबार फिर महिला सुरक्षा तार-तार हुई है। मंगलवार की सुबह राजीवनगर थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की खबर सामने आने से सनसनी फैल गई। बड़ी बहन की मदद के लिए नेपाल से आकर पटना में रह रही नाबालिग के साथ छह बदमाशों ने मुंह काला किया। बहन की सास के साथ नाबालिग पास के अपार्टमेंट में घरेलू काम करती है। रविवार की दोपहर दो युवक उसे जबरन बाइक पर बैठाकर सुनसान जगह ले गए और चार अन्य दोस्तों को बुलाकर उसके साथ जबरदस्ती की। चीखने-चिल्लाने की आवास सुनकर एक महिला उसकी मदद को पहुंची और उसे थाने तक लेकर आई। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तरह छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

रविवार की ही देर रात चार आरोपितों रोशन कुमार, विकास कुमार, मिंटू कुमार और अंशु कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है। दुष्कर्म के फरार दो अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

कुछ महीने पहले आई थी पटना

नाबालिग मूल रूप से नेपाल के बलरा जिले की रहने वाली है। बड़ी बहन राजीव नगर में ही रहती है। बहन और उसकी सास आसपास के अपार्टमेंट में घरेलू काम करती है और जीजा सब्जी बेचता है। बड़ी बहन की तबीयत खराब हो गई थी। इस वजह घर के काम में हाथ बंटाने के लिए पीड़िता कुछ माह पूर्व पटना आई थी।

दो दिनों से पीछा कर रहे थे दो आरोपित

पीड़िता की मानें तो वह बहन की सास के साथ पास के अपार्टमेंट में घरेलू काम करने जाती थी। शुक्रवार से रोशन और विकास उसका पीछा कर रहे थे। वह दोनों को पहचान रही थी। रोशन मौर्य पथ में झोपड़पट्टी के पास किराएदार है और पिता मजदूरी करते हैं। रोशन आरओ का पानी सप्लाई करने वाली गाड़ी चलाता है। वहीं विकास राजीवनगर में खटाल में रहता है। उसके पिता शादी में खाना बनाने का काम करते हैं।

फोन करके चार अन्य दोस्तों को लिया बुला

रविवार को पीड़िता अकेले ही पास के अपार्टमेंट में काम करने गई थी और शाम को वापस घर लौट रही थी। इसी बीच रोशन और विकास ने उसे रोक लिया और जबरन बाइक पर बैठाकर पारस गार्डेन के पास सुनसान जगह ले गए। पहले दोनों ने उसके साथ जबरदस्ती की। फिर फोन कर अपने चार अन्य दोस्तों को वहां बुला लिया। सभी ने उसके साथ गलत काम किया और फिर उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।

मदद को पहुंची महिला ले गई थाने

पीडि़ता के रोने की आवाज सुनकर वहां से गुजर रही एक महिला की उसपर नजर पड़ी। महिला ने पीड़िता को उसके घर तक पहुंचा दिया। पीड़िता ने अपने साथ हुई वारदात की जानकारी बहन और जीजा को दी। महिला पीडि़ता को लेकर राजीवनगर थाने पहुंची। पीड़िता ने रोशन और विकास का नाम बताया। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने दबिश देकर रोशन और विकास को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने पूछताछ में बताया कि उनके साथ मिंटू, अंशु कुमार सहित दो अन्य दोस्त थे। मिंटू मजिस्ट्रेट कॉलोनी में रहता है और प्लंबरिंग का काम करता है। जबकि अंशु झोपड़पट्टी में रहकर कबाड़ चुनता है। मिंटू और अंशु को भी पुलिस ने दबोच लिया।

chat bot
आपका साथी