'सूरज पश्चिम से उगाएंगे, समुद्र का पानी मीठा बनाएंगे...' RJD के परिवर्तन पत्र पर मांझी ने ली मौज; JDU ने भी कसे तंज

जीतन राम मांझी ने तेजस्वी यादव के द्वारा जारी राजद के परिवर्तन पत्र पर तंज कसा है। राजद के वादों पर चुटकी लेते हुए मांझी ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया। मांझी ने पोस्ट में लिखा कि घोषणापत्र में शायद कुछ बातें छूट गई हैं जो इस प्रकार हैं। भारत में अमेरिका का विलय करेंगे सूरज पश्चिम से उगाएंगे समुंद्र के पानी को मीठा बना देंगे...।

By Rajat Kumar Edited By: Mohit Tripathi Publish:Sat, 13 Apr 2024 09:05 PM (IST) Updated:Sat, 13 Apr 2024 09:05 PM (IST)
'सूरज पश्चिम से उगाएंगे, समुद्र का पानी मीठा बनाएंगे...' RJD के परिवर्तन पत्र पर मांझी ने ली मौज; JDU ने भी कसे तंज
RJD के परिवर्तन पत्र पर मांझी ने ली मौज; JDU भी नहीं रही पीछे।

राज्य ब्यूरो, पटना। पूर्व मुख्यमंत्री एवं हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के संस्थापक जीतन राम मांझी ने तेजस्वी यादव के द्वारा जारी किए गए राजद के परिवर्तन पत्र पर तंज कसा है।

राजद के लंबे-चौड़े वादों पर चुटकी लेते हुए मांझी ने इंटरनेट मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि शायद घोषणापत्र में कुछ बातें छूट गई हैं, जो इस प्रकार हैं। भारत में अमेरिका का विलय करेंगे, सूरज पश्चिम से उगाएंगे, समुंद्र के पानी को मीठा बना देंगे और पहाड़ हवा में उड़ेगा। जब तेजस्वी यादव को पता है कि उनकी सरकार बन ही नहीं रही तो वह कुछ भी घोषणा कर सकते हैं।

राजद का परिवर्तन पत्र झूठ का पिटारा : जदयू

जदयू ने राजद के परिवर्तन पत्र पर जमकर कटाक्ष किया है। इसे आंख में धूल झोंकने वाला व झूठ का पिटारा कहा है। जदयू की प्रदेश प्रवक्ता अंजुम आरा ने शनिवार को कहा कि राजद का परिवर्तन पत्र झूठ का पिटारा है। परिवर्तन पत्र में वास्तविक एजेंडा की चर्चा तक नहीं जिस पर तेजस्वी यादव के माता-पिता ने 15 वर्षों तक काम किया।

जदयू प्रवक्ता ने कटाक्ष करते हुए कहा कि राजद के परिवर्तन पत्र में यह छूट गया कि बिहार में जंगल राज फिर से लाएंगे, सारा चारा खा जाएंगे, खुद के लिए अपार संपत्ति बनाएंगे और बिहार में अपहरण उद्योग को फिर से स्थापित कराएंगे।

दरअसल राजद का वास्तविक एजेंडा यही है जिसे इन्होंने अपने परिवर्तन पत्र में नहीं लाया है। जदयू के मीडिया पैनलिस्ट व प्रदेश महासचिव ओम प्रकाश सिंह सेतु ने कहा कि राजद का 24 वचन वचन झूठ का पुलिंदा है। जनता को लालू प्रसाद के किसी भी वादे पर अब भरोसा नहीं है। मतदाता अब उनके सब्जबाग में फंसने वाला नहीं। बिहार मेंं महज 23 सीट पर लड़ने वाली पार्टी पूरे देश के लिए मैनिफेस्टो जारी कर रही। प्रदेश जदयू के महासचिव रंजीत कुमार झा ने कहा कि राजद का परिवर्तन पत्र लोगों को झांसा देने वाला है। राजद ने एक करोड़ लोगों को नौकरी देने की बात कही है। उन्हें यह भी बताना चाहिए कि इसके बदले कितनी जमीन लेंगे? परिवर्तन पत्र के माध्यम से जनता के आंख में धूल झोंकने की बात कही गयी है।

बता दें कि आरजेडी ने लोकसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी कर दिया है। तेजस्वी प्रसाद यादव ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में घोषणा पत्र जारी किया। राजद के घोषणा-पत्र में कुल 24 वादे किए गए हैं, जिन्हें जन वचन का नाम दिया गया है। इन वादों में से प्रमुख वादे इस प्रकार हैं केंद्र में आईएनडीआईए की सरकार बनने पर छह महीने के भीतर एक करोड़ नौकरियों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होगी। केंद्र की गठबंधन सरकार बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देगी। इसके अलावा, राज्य के विकास के लिए पांच वर्षों में एक लाख 60 हजार करोड़ रुपया विशेष सहायता के मद में देगी। घरेलू गैस की कीमत पांच सौ रुपये निर्धारित होगी। बिजली दर में बेतहाशा की वृद्धि पर लगाम लगाई जाएगी। हर घरेलू उपभोक्ता को हर महीने 200 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी। केंद्र में सरकार बनते ही अग्निवीर योजना समाप्त होगी। पुरानी पेंशन योजना लागू होगी। गरीब परिवार की महिलाओं को प्रति वर्ष एक लाख की सहायता दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी