Incredible India: प्रकृति के सानिध्य और रोमांच का पूरा पैकेज है राजगीर का नेचर सफारी

नेचर सफारी की दूरी राजगीर शहर से लगभग 10 किलोमीटर सोन भंडार व जरासंध अखाड़ा से लगभग 8 किलोमीटर है। पटना से राजगीर की दूरी लगभग 110 किमी है। राजगीर जाने के लिए पटना से ट्रेन व बस सेवा दोनों हैं।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Sat, 22 May 2021 09:52 AM (IST) Updated:Sat, 22 May 2021 10:01 AM (IST)
Incredible India: प्रकृति के सानिध्य और रोमांच का पूरा पैकेज है राजगीर का नेचर सफारी
राजगीर नेचर सफारी में बनी एक खूबसूरत झोपड़ी। जागरण

राजगीर (नालंदा),  संवाद सहयोगी। Tourism in India: बिहार की राजधानी पटना से सटे राजगीर काफी पुराना शहर है। यह धार्मिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक दृष्टिकोण से भी काफी महत्‍वपूर्ण है। राजगीर में लगने वाले मेले में सिखों के प्रथम गुरु नानक देव तक आए थे। यह जैन और हिंदू धर्मावलंबियों के लिए भी महत्‍वपूर्ण स्‍थल है। पहाड़ों की खूबसूरत वादियों के बीच बसा राजगीर पर्यटन के लिहाज से काफी मुफीद ठिकाना है। यहां पर्यटन के विकास के लिए सरकार ने काफी कुछ किया है। यहां 500 हेक्टेयर में फैले नेचर सफारी के निर्माण में लगभग 20 करोड़ खर्च किए गए हैं। यह प्रकृति के सानिध्य व रोमांच का पूरा पैकेज है। परिवार से साथ क्वालिटी टाइम बिताने का फिलहाल बिहार में यह सबसे बेहतर विकल्प है।

राजगीर में बना ग्‍लास स्‍काई वॉक। जागरण

जानें नेचर सफारी की विशेषताएं

नेचर सफारी का कार्यारंभ वर्ष 2017 से शुरू हुआ था। वर्ष 2020 के 19 दिसंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नेचर सफारी तथा ग्लास स्काई वॉक ब्रिज का अवलोकन किया था। 26 मार्च 2021 को सीएम नीतीश कुमार ने नेचर सफारी का लोकार्पण किया।

राजगीर के नेचर सफारी में बनी एक झोपड़ी। जागरण

नालंदा से गया जाने वाले रास्‍ते पर है नेचर सफारी

नेचर सफारी नालंदा जिला से गया जिला के जेठियन जाने वाले मार्ग के बीच है। ज्ञान प्राप्ति के बाद भगवान बुद्ध इसी मार्ग से बोधगया से राजगीर आए थे। आज भी हर साल बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर देश-विदेश के बौद्ध धर्मावलंबी इस पथ में पैदल यात्रा करना अपना परम सौभाग्य समझते हैं।

राजगीर नेचर सफारी से गुजरने वाला रास्‍ता। जागरण

राजगीर शहर से लगभग 10 किलोमीटर है दूरी

नेचर सफारी की दूरी राजगीर शहर से लगभग 10 किलोमीटर, सोन भंडार व जरासंध अखाड़ा से लगभग 8 किलोमीटर है। पटना से राजगीर की दूरी लगभग 110 किमी है। राजगीर जाने के लिए पटना से ट्रेन व बस सेवा दोनों हैं। मार्च माह में गांधी मैदान स्थित सरकारी बस स्टैंड से मीठापुर बस स्टैंड होते हुए वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरूआत की गई है। दिल्ली से आने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन रोजाना सुबह 8 बजे पटना से राजगीर के लिए रवाना होती है। राजगीर रेलवे स्टेशन श्रमजीवी ट्रेन का आखिरी गंतव्य है। इसके अलावा दानापुर-राजगीर इंटरसिटी ट्रेन भी है।

राजगीर नेचर सफारी में ग्‍लास स्‍काई वॉक का साइड व्‍यू। जागरण

एडवेंचर्स व थ्रिलर इवेंट एक्टिविटी के लिए टिकट दर

नेचर सफारी में विभिन्न एडवेंचर्स, इवेंट व एक्टिविटी के टिकट दरों का एक सूचीपट्ट लगाया गया है। इसमें एंट्री टिकट 50 रुपए अंकित है। इसी प्रकार से ग्लास स्काई वॉक ब्रिज टिकट का दर 125 रुपए, सस्पेंशन ब्रिज का 10 रुपए, जिप लाईन फ्लाईंग फॉक्स तथा जिप लाईन साइक्लिंग का 100 रुपए, राइफल शूटिंग का 50 रुपए, वॉल क्लाइंबिंग का 20 रुपए, आर्चरी यानी तीरंदाजी का 100 रुपए, बैटरी वाहन का 10 रुपए, साइकिल प्रयोग का 10 रुपए तथा कैंप एरिया में बने ट्री हट हाउस, मड हाउस, बांबू हट हाउस, वूडेनहट हाउस में कुछ घंटे गुजारने के लिए 500 रुपए दर तय की गई है।

राजगीर में अन्‍य प्रमुख आकर्षण

अजातशत्रु किला, जीवककरम उद्यान, स्वर्ण भंडार, ब्रह्मकुंड (यह गर्म पानी के लिए प्रसिद्ध है।), वेणुवन, जापानी स्‍तूप, गिद्धकूट पर्वत, राजगीर रोप-वे, साइक्‍लोपियन वाल, वीरायतन संग्रहालय, सप्‍तपर्णी गुफाएं, पावापुरी, कुंडलपुर, घोड़ा कटोरा झील। इसके अलावा भी यहां घूमने और देखने लायक चीजों की भरमार है।

chat bot
आपका साथी