पटना में अस्पतालकर्मी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, ड्यूटी से लौटने के दौरान वारदात

पटना में अस्पताल कर्मी की भुसौला नहर के नजदीक दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस वक्त हुई जब वे ड्यूटी से लौट रहे थे।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Fri, 18 Sep 2020 08:17 PM (IST) Updated:Fri, 18 Sep 2020 08:17 PM (IST)
पटना में अस्पतालकर्मी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, ड्यूटी से लौटने के दौरान वारदात
पटना में अस्पतालकर्मी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, ड्यूटी से लौटने के दौरान वारदात

पटना, जेएनएन। ड्यूटी से लौट रहे अस्पताल कर्मी की शुक्रवार को भुसौला नहर के नजदीक दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान खगौल के सरारी के मूल निवासी मनोज कुमार (49) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है। 

सोरमपुर उप-स्वास्थ्य केंद्र पर चपरासी के पद पर कार्यरत मनोज कुमार शुक्रवार की दोपहर 12:30 ड्यूटी समाप्त कर अपनी बाइक से घर फुलवारीशरीफ के बोचाचक लौट रहे थे। भुसौला नहर के नजदीक अज्ञात बदमाश ने मनोज की पीठ में गोली दाग दी। रास्ते से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर सड़क पर दर्द से छटपटाते मनोज पर पड़ी। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही अस्पतालकर्मी ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि गोली लगने के बाद भी उन्होंने बाइक चलाते हुए काफी दूर तक भागने की कोशिश की। खून ज्यादा निकलने के कारण वह बाइक से गिर पड़े। हत्या की खबर मिलने के बाद पत्नी सुलेखा देवी और उनके दो पुत्रों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ा पुत्र परीक्षा देकर लौटा ही था कि स्वजनों ने पिता की हत्या की सूचना दी।

पुलिस को सगे भाई, बहन को दीपक पर शक


थानेदार रफीकुर्रहमान ने बताया कि मनोज कुमार और उनके भाई शैलेंद्र कुमार ऊर्फ पप्पू के बीच काफी दिनों से पैतृक संपत्ति का विवाद चल रहा है। इस बिंदु पर पुलिस छानबीन कर रही है। दूसरी तरफ मृतक की बहन सुषमा देवी ने दीपक चौधरी नाम के शख्स पर शक जताया है। उसके खिलाफ तीन दिन पहले आपत्तिजनक मैसेज भेजने और झूठा वीडियो वायरल करने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया था। इस मामले में मनोज ने भी बहन के परिवार की ओर से हस्तक्षेप किया था। 

घर में चल रही थी चिकेन बनाने की तैयारी 


मृतक की पत्नी सुलेखा देवी ने बताया कि सुबह नौ बजे मनोज कुमार को सीएचएस कार्यालय से फोन आया कि आज कोई नये डॉक्टर सोरमपुर पहुंचने वाले हैं। इसलिए कार्यालय जल्दी पहुंचना होगा। 9:30 बजे मनोज कुमार घर से निकले। घर में चिकेन बनाने की तैयारी चल रही थी और पत्नी ने ड्यूटी से लौटने के दौरान प्याज लाने को कहा था। घटना के बाद मृतक की बाइक की डिक्की से प्याज भी मिला।

chat bot
आपका साथी