नीतीश का तंज, कहा- लालू ने राबड़ी को बनाया CM, समाज की महिलाओं काे नहीं दिया हक

सीएम नीतीश कुमार ने रविवार को अररिया और खगडि़या लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार किया। इन दोनों क्षेत्रों में तीसरे चरण में 23 अप्रैल को चुनाव होना है। महागठबंधन पर निशाना साधा।

By Rajesh ThakurEdited By: Publish:Sun, 21 Apr 2019 04:08 PM (IST) Updated:Sun, 21 Apr 2019 10:31 PM (IST)
नीतीश का तंज, कहा- लालू ने राबड़ी को बनाया CM, समाज की महिलाओं काे नहीं दिया हक
नीतीश का तंज, कहा- लालू ने राबड़ी को बनाया CM, समाज की महिलाओं काे नहीं दिया हक

पटना, जेएनएन। बिहार के सीएम नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने एक बार फिर लालू-राबड़ी के शासन पर निशाना साधा है। वे रविवार को बिहार के खगडि़या और अररिया लोकसभा क्षेत्रों में एनडीए प्रत्‍याशी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इसके साथ ही नीतीश ने केंद्र सरकार के कामों की भी सराहना की तथा कहा कि केंद्र की मदद से बिहार में तेजी से विकास हो रहा है। उन्‍होंने कहा कि बिहार से पिछड़ापन हटाने के लिए नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) का पीएम बनना जरूरी है। इसके साथ ही सीएम ने महागठबंधन पर भी तंज कसा और कहा कि महागठबंधन में मेल नहीं है। 

सीएम नीतीश ने खगडि़या में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पति और पत्नी के शासनकाल में महिलाओं का विकास नहीं हुआ। लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) जेल गए तो उन्‍होंने अपनी पत्नी राबड़ी देवी (Rabri Devi) को मुख्यमंत्री बनाया, लेकिन समाज की महिलाओं को सीएम नहीं बनाया। समाज की महिलाओं को इसका हक नहीं दिया। 

उन्‍होंने केंद्र की प्रशंसा करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार बिहार समेत पूरे देश में विकास का काम कर रही है। मोदी सरकार गरीबों के उत्‍थान को लेकर काम कर रही है। गरीब परिवारों के घरों में गैस चूल्हा दिया जा रहा है। आयुष्‍मान योजना के तहत 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिया जा रहा है। किसानों के हित में काम किया जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि जीविका योजना से महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है।  

उन्‍होंने कहा कि बिहार के विकास में भी केंद्र सरकार महत्‍वूपर्ण योगदान दे रही है। केंद्र के सहयोग से बिहार की सड़कें चमकने लगी हैं। बिहार में सड़क और पुलों की योजना के लिए 50 हजार करोड़ की स्वीकृति केंद्र की ओर से मिली है। खगड़िया में बाढ़ की समस्याओं से निबटने के लिए भी काम किए जा रहे हैं। 

इसके पहले सीएम नीतीश ने अररिया के रानीगंज में भी चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्‍होंने कहा कि भारत के सर्जिकल स्‍ट्राइक से देश का मनोबल बढ़ा है। उन्‍होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ की गई कार्रवाई से पूरी दुनिया में भारत का कद बढ़ा है। उन्‍होंने कहा कि मोदी सरकार के पांच साल के कार्यकाल में देश का तेजी से विकास हुआ है। उन्‍होंने कहा कि 15 साल तक पति-पत्नी की सरकार ने बिहार में कुछ नहीं किया। लेकिन 13 साल के शासन में ही हमारी सरकार ने बिहार को चमका दिया। शिक्षा, स्‍वास्‍थ्‍य से लेकर महिलाओं के सशक्‍तीकरण पर कार्य किया गया है। उन्‍होंने इसी 13 साल की मजदूरी के रूप में जनता से वोट देने की अपील की।

chat bot
आपका साथी