Lok Sabha Election 2019 Phase 6: बिहार में 8 सीटों के लिए थमा प्रचार, 127 प्रत्‍याशी मैदान में

Lok Sabha Chunav 2019 Phase VI बिहार में छठे चरण की आठ सीटों पर 12 मई को मतदान है। इसे लेकर शुक्रवार की शाम चुनाव प्रचार थम गया। अब नेताओं का डोर टू डोर संपर्क शुरू हो गया है।

By Rajesh ThakurEdited By: Publish:Fri, 10 May 2019 04:38 PM (IST) Updated:Fri, 10 May 2019 09:03 PM (IST)
Lok Sabha Election 2019 Phase 6: बिहार में 8 सीटों के लिए थमा प्रचार, 127 प्रत्‍याशी मैदान में
Lok Sabha Election 2019 Phase 6: बिहार में 8 सीटों के लिए थमा प्रचार, 127 प्रत्‍याशी मैदान में

पटना, जेएनएन। बिहार में छठे चरण की आठ सीटों पर 12 मई को मतदान होना है। इसका काउंट डाउन शुरू हो गया है। छठे चरण में वाल्मीकिनगर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सिवान और महाराजगंज में वोट डाले जाएंगे। रविवार को होनेवाले इस चुनाव को लेकर शुक्रवार की शाम चुनाव प्रचार थम गया। इसके साथ ही अब इन लोकसभा क्षेत्रों के नेताजी डोर टू डोर संपर्क में जुट गए। इस चरण में कुल 127 प्रत्‍याशी अपनी-अपनी किस्‍मत आजमा रहे हैं।  

सबसे ज्‍यादा पूर्वी चंपारण और सबसे कम पश्चिमी चंपारण में प्रत्‍याशी

बिहार चुनाव आयोग के अनुसार छठे चरण में कुल 127 प्रत्याशियों में से सबसे अधिक पूर्वी चंपारण और वैशाली से 22-22, जबकि सबसे कम पश्चिम चंपारण में नौ लोग चुनाव लड़ रहे हैं। छठे चरण में कुल 1.38 लाख मतदाता हैं। इसमें पुरुष मतदाता की संख्या 73.59 लाख और महिला मतदाताओं की संख्या 64.96 है।

13973 मतदान केंद्रों पर पड़ेंगे वोट

छठे चरण में 13973 मतदान केंद्रों पर वोट पड़ेंगे। वहीं इसके लिए 13973 कंट्रोल यूनिट, 13973 ईवीएम और 20844 बैलेट यूनिट लगाए जाएंगे। इस चरण में क्षेत्रवार और मतदातावार गोपालगंज संसदीय क्षेत्र सबसे बड़ा संसदीय क्षेत्र है, वहीं पश्चिम चंपारण मतदातावार सबसे छोटा संसदीय क्षेत्र है।

कहीं शाम चार बजे और कहीं शाम छह बजे तक होगी वोटिंग 

पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, गोपालगंज, सीवान एवं गोपालगंज लोकसभा के संपूर्ण क्षेत्र में सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। वहीं, वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के वाल्मीकिनगर एवं रामनगर विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात से शाम चार बजे तक मतदान का समय रहेगा। इसी तरह वैशाली लोकसभा क्षेत्र के मीनापुर, पारू और साहेबगंज विधानसभा क्षेत्रों में भी सुबह सात से शाम चार बजे तक मतदान संपन्न होगा। वाल्मीकिनगर एवं वैशाली के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट पड़ेंगे।

जानें कौन-कहां आजमा रहे हैं किस्‍मत

वाल्मीकि नगर: जदयू के वैद्यनाथ महतो और कांग्रेस के शाश्वत केदार के बीच मुकाबला है। 

पूर्वी चंपारण: भाजपा के राधामोहन सिंह और रालोसपा के आकाश सिंह आमने-सामने हैं। 

पश्चिमी चंपारण: भाजपा के संजय जायसवाल और रालोसपा के ब्रजेश कुशवाहा के बीच लड़ाई है। 

शिवहर: भाजपा की मौजूदा सांसद रमा देवी की राजद के फैसल अली से मुकाबला है। 

महाराजगंज: राजद के रणधीर सिंह को भाजपा प्रत्याशी और मौजूदा सांसद जर्नादन सिंह सिग्रीवाल टक्कर दे रहे हैं। 

गोपालगंज: जदयू के डॉ. आलोक कुमार सुमन की राजद के सुरेंद्र राम से लड़ाई है। 

वैशाली: राजद के रघुवंश प्रसाद सिंह का लोजपा उम्मीदवार वीणा देवी से मुकाबला है। 

सिवान: जदयू की कविता सिंह राजद प्रत्याशी हिना शहाब के बीच कांटे की टक्कर है।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी