नकली दिखा असली गहने ठग लेती थीं सुनीता और सोनी

ठग सुनीता और सोनी को ठगी के मामले में पटना पुलिस ने जेल भेजा।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 05 Sep 2019 01:51 AM (IST) Updated:Thu, 05 Sep 2019 01:51 AM (IST)
नकली दिखा असली गहने ठग लेती थीं सुनीता और सोनी
नकली दिखा असली गहने ठग लेती थीं सुनीता और सोनी

पटना। पटना हाईकोर्ट जज के सुरक्षाकर्मी अमर कुमार शर्मा के प्रयास से अशोक राजपथ में बीएन कॉलेज के पास पकड़ी गई महिला ठग सुनीता और सोनी बड़ी खिलाड़ी निकलीं। उनके पास से अथमलगोला निवासी पूजा देवी की कानबाली के अलावे सोने की चेन के टुकड़े समेत कुछ नकली गहने भी मिले। पीरबहोर थाने की पुलिस ने जब सख्ती से उन दोनों से पूछताछ की, तब उन्होंने कई राजफाश किए। अब तक दोनों दो दर्जन से अधिक घटनाओं को अंजाम दे चुकी हैं। थानाध्यक्ष मो. रिजवान अहमद ने बताया कि दोनों महिला ठगों को जेल भेज दिया गया।

पूछताछ में सुनीता और सोनी ने बताया कि वे भोजपुर जिले के नवादा की रहने वाली हैं। दोनों अब अपने पतियों के साथ नहीं रहती हैं। वे नकली गहने लेकर भीड़-भाड़ वाले इलाकों में घूमती हैं और भोली-भाली महिलाओं की तलाश करती हैं। शिकार मिलने के बाद वे पुराने गहने और कुछ रुपयों के बदले नए जेवर देने की बात कहकर महिलाओं को बहला-फुसला लेती हैं। महिलाएं जब उनके झांसे में आ जाती हैं तो उन्हें असली गहनों के बदले नकली थमा देती हैं। पूजा को जब उन्होंने जाल में फंसाया, तब वह दवा के कारण हल्की नींद में थी। वह तुरंत झांसे में आ गई और अपनी कान की बाली निकालकर उन्हें दे दी। इसके अलावे पांच सौ रुपये और दिए थे। पुलिस अब ठगी के गहने खरीदने वाले दुकानदारों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।

क्या है मामला :

मंगलवार की दोपहर गोविंद मित्रा रोड की एक दवा दुकान में बैठी पूजा देवी से सुनीता और सोनी ने उसकी कानबाली व पांच सौ रुपये ठग लिए थे। इसके बाद दोनों भाग रही थीं, तभी पूजा की सास की नजर उनपर पड़ गई। वह उनके पीछे भागीं और सड़क पर गिर पड़ीं। ऐन मौके पर हाईकोर्ट जज के सुरक्षाकर्मी सिपाही अमर कुमार शर्मा पहुंच गए। उन्होंने वृद्धा को उठाया और बाइक पर बिठाकर ठग महिलाओं का पीछा करने लगे। दोनों महिलाओं को अमर ने बीएन कॉलेज के पास पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।

chat bot
आपका साथी