बिहारः अलग-अलग वारदातों में तीन की हत्या, नालंदा में दिनदहाड़े बुजुर्ग को गोलियों से भूना

बिहार के नालंदा बेगूसराय और औरंगाबाद में तीन हत्या से सनसनी फैल गई। नालंदा में एक वृद्ध को गोलियों से भून दिया गया।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Fri, 19 Jun 2020 01:54 PM (IST) Updated:Fri, 19 Jun 2020 01:54 PM (IST)
बिहारः अलग-अलग वारदातों में तीन की हत्या, नालंदा में दिनदहाड़े बुजुर्ग को गोलियों से भूना
बिहारः अलग-अलग वारदातों में तीन की हत्या, नालंदा में दिनदहाड़े बुजुर्ग को गोलियों से भूना

पटना, जेएनएन। बिहार में शुक्रवार को अलग-अलग वारदातों में तीन की हत्या कर दी गई। घटनाएं नालंदा, बेगूसराय, औरंगाबाद और नवादा में हुईं। नालंदा में जहां बुजुर्ग को गोलियों से भून दिया गया तो बेगूसराय में एक व्यक्ति की हत्याकर शव खेत में फेंक दिया गया। औरंगाबाद में एक अधेड़ की गला दबाकर जान ले ली गई। वहीं नवादा में नवविवाहिता की आत्हत्या को स्वजनों ने हत्या करार दिया है।

नालंदाः बुजुर्ग को गोलियों से भूना

नालंदा। नगरनौसा थाना क्षेत्र के प्रेमन बिगहा मोड़ स्थित पुल पर चंडी थाना क्षेत्र के धरम पुर निवासी 68 वर्षीय मुन्ना प्रसाद महतो को बदमाशों ने गोलियों से भून डाला। उनके सिर हाथ एवं पैर में गोलियां लगीं। नगरनौसा थाना पुलिस ने उन्हें चंडी प्राथमिक स्वास्थ केंद्र में दाखिल कराया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच भेज दिया गया। मुन्ना प्रसाद शुक्रवार सुबह खरीदारी करने चंडी जाने की बात कह घर से निकले थे। घर में सिर्फ पत्नी हैं। पुत्र चाईबासा में रहते हैं। घटना की वजह जमीन विवाद बताई जा रही है। संदेह नगरनौसा थाना क्षेत्र के गिलानी चक गांव निवासी भतीजे पर है।

स्वजनों ने बताया कि वे मुन्ना चंडी जाने के लिए घर से निकले थे। फिर नगरनौसा कैसे गए? यह नहीं पता। सम्भावना व्यक्त की जा रही है कि वह टेम्पो पर सवार होंगे या बदमाशों ने उन्हें अगवा कर लिया होगा। यदि टेम्पो पर होंगे तो बदमाशों ने उन्हें किसी बहाने या जबर्दस्ती उतार कर गोलियां मारीं। हमेशा व्यस्त रहने वाले एनएच-30 ए पर खून के धब्बे पाए गए हैं। बताया जा रहा कि चार-पांच बदमाश दो बाइक से थे। एक बदमाश मुन्ना प्रसाद को कट्टे से गोलियां मार रहा था। जख्मी हालत में भी बुजुर्ग ने भागने की कोशिश की, फिर भी दौड़ा कर गोली मार दी गई। यह भी बताया जा रहा है कि एक युवक सड़क के नीचे खेत से मोबाइल फोन से फ़ोटो या वीडियो बना रहा था। जानकारी होने पर नालन्दा एसडीपीओ (विधि-व्यवस्था) एवं चंडी प्रभाग के पुलिस इंस्पेक्टर ने मौके पर पहुंच मुआयना किया है। घटना की जांच की जा रही है।

औरंगाबाद और बेगूसराय में हत्या

हसपुरा प्रखंड के सोनहथु पंचायत के धमनी गांव के टोले आजाद बिगहा गांव में बीती रात 45 वर्षीय युगेश पासवान की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या का कारण प्रेम प्रसंग बताया जाता है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। वहीं ओबरा थाना क्षेत्र के देवकुली गांव में शुक्रवार की सुबह करंट की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। बताया जाता है कि युवक खेत में सब्जी तोड़ने गया था। वहां पहले से ही बिजली के तार टूटकर गिरा था। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया है। इसी तरह बेगूसराय के मथार निवासी अवध झा के 40 वर्षीय पुत्र मिंटू झा की हत्या कर अज्ञात हत्यारों ने शव खेत में फेंक दिया। शुक्रवार की सुबह जब घास काटने खेत में लोग गए तो घटना की जानकारी हुई।

बेगूसराय में शराब माफिया का अपहरण

मकरदही निवासी योगेन्द्र सिंह के पुत्र कारु सिंह का अपहरण बीती रात अज्ञात अपराधियों ने उलाव के पास से कर लिया है। बुलेट से घर लौटने के दौरान दौरान उसका अपहरण हुआ। सिंघौल ओपीध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि अब तक स्वजनों ने आवेदन नहीं दिया है। अपने स्तर से खोजबीन में लगे है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है। शराब कारोबार में व्यावसायिक रंजिश का मामला बताया जा रहा है।

नवादाः नवविवाहिता ने की आत्महत्या

जिले के नरहट थाना क्षेत्र के काजीपुरा गांव में एक नवविवाहित महिला ने आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि इसी वर्ष मार्च महीने में वृजु महतो की बहू की शादी हुई थी। पुलिस शव को अपने के कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। स्वजनों ने हत्या करने का आरोप लगाया है।

chat bot
आपका साथी