जो प्रताड़ित हो रहे हैं वो हमारे साथ आएं, लालू यादव की पार्टी ने किधर किया इशारा?

भाई वीरेंद्र ने कहा कि मैं किसी को आफर नहीं दे रहा हूं जिनको आना है वह हमारे साथ आएंगे। राजद के पास विधायकों की फेहरिस्त है। जिन्हें हमारे साथ आना है वह सोचें कि प्रताड़ित होते रहेंगे या कुछ निर्णय लेंगे।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Fri, 24 Jun 2022 09:17 PM (IST) Updated:Fri, 24 Jun 2022 09:17 PM (IST)
जो प्रताड़ित हो रहे हैं वो हमारे साथ आएं, लालू यादव की पार्टी ने किधर किया इशारा?
भाजपा, राजद और जदयू का चुनाव चिह्न। सांकेतिक तस्वीर।

जागरण टीम, पटना। बिहार विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार से शुरू हो गया। यह सत्र 30 जून तक चलेगा। इस दौरान विपक्ष ने अग्निपथ योजना को लेकर सदन में विरोध जाहिर किया। राजद प्रवक्ता व मनेर विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि अग्निपथ योजना छात्रों के हित में नहीं है। इसे केंद्र सरकार को वापस लेना चाहिए। इस दौरान राज्य के शिक्षा विभाग पर बिहार भाजपा अध्यक्ष के सवाल खड़े करने पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि कौन जायसवाल हैं हम नहीं जानते हैं। उन्होंने कहा कि कौन बीजेपी का अध्यक्ष है हम यह भी नहीं जानते हैं। भाई वीरेंद्र ने कहा कि मैं किसी को आफर नहीं दे रहा हूं, जिनको आना है वह हमारे साथ आएंगे। राजद के पास विधायकों की फेहरिस्त है। जिन्हें हमारे साथ आना है वह सोचें कि प्रताड़ित होते रहेंगे या कुछ निर्णय लेंगे। हालांकि भाजपा और जदयू में चल रही तनातनी के बीच राजद प्रवक्ता ने यह साफ नहीं किया कि उनका इशारा किधर है। 

भाई वीरेंद्र ने कहा कि हम किसी जायसवाल को नहीं जानते हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को जानते हैं। राजग वाले काम करना नहीं जानते हैं। केवल हिंदू-मुसलमान की चर्चा करते हैं। देश में सामाजिक सदभाव बिगाड़ने का काम करते हैं। मनेर विधायक ने कहा कि अग्निपथ के साथ महंगाई और बेरोजगारी मानसून सत्र में हमारा मुख्य मुद्दा है। उन्होंने कहा कि इन्हीं सब बातों पर सदन में सरकार से मांग रखी जाएगी। भाई वीरेंद्र ने कहा कि अग्निपथ योजना को वापस लेने के लिए हम सभी दलों से समर्थन चाहेंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए हम सदन से सड़क तक तेजस्वी यादव के नेतृत्व में किया जाएगा। 

विधानसभा में विधायकों व विधान पार्षदों को श्रद्धांजलि 

विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन हाल में दिवंगत हुए विधायकों एवं विधान पार्षदों को श्रद्धांजलि दी गई। उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया। पूर्व विधायक नंदकिशोर प्रसाद, नवलकिशोर राय, सीताराम दास, सुरेश कुमार मिश्र, त्रिभुवन सिंह, रामदेव वर्मा, डा. युगल किशोर प्रसाद, प्रशांत कुमार, योगेंद्र पांडेेय, विधान परिषद के पूर्व सदस्य शिवनंदन प्रसाद सिंह व प्रो. असलम आजाद को श्रद्धांजलि दी गई।

chat bot
आपका साथी