यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 18, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Coronavirus Update: रेमेडेसिविर की कीमत 68 फीसद घटी तो राहत पर आपूर्ति कम होने से संकट
Bihar Coronavirus Update News पटना के दवा बाजार में रेमेडेसिविर की मांग 3000 वायल महज 200 की हुई आपूर्ति आपूर्ति ...और पढ़ें

पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Coronavirus Update News: कोरोना के बढ़ते मरीजों के बीच अस्पतालों में इंजेक्शन रेमेडेसिविर की मांग बढ़ गई है। हर दिन 3000 से 4000 वायल की मांग अस्पतालों में हो रही है। जबकि औषधि नियंत्रक रविंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार को 200 वायल रेमेडेसिविर की आपूर्ति विभिन्न कंपनियों की ओर से की गई। उसे हर अस्पताल को बांट दिया गया। अचानक मांग बढ़ने और आपूर्ति कम होने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने पूरी व्यवस्था की निगरानी राज्य औषधि नियंत्रक को दे दी है। इस बीच एक अच्छी खबर यह है कि कोरोनावायरस के इलाज में उपयोगी इस दवा की कीमत एक-तिहाई तक कम हो गई है।
हर दिन नहीं हो रही आपूर्ति
देश में छह-सात कंपनियां ही रेमेडेसिविर इंजेक्शन तैयार कर रही है। इनमें सिपला, सन फॉर्मा, डॉ. रेड्डी, हेक्ट्रो, जायडस कैडिला, माइलन कंपनी शामिल हैं। बिहार केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष परसन कुमार सिंह व महासचिव प्रदीप कुमार चौरसिया ने बताया कि हर दिन दवा की आपूर्ति नहीं हो रही है। सप्ताह में महज दो-तीन दिन ही कंपनियों द्वारा आपूर्ति की जा रही है। वह भी महज दो-तीन सौ वायल ही दिए जा रहे हैं। इससे परेशानी उत्पन्न हो गई है। केवल पटना जिले में तीन से चार हजार वायल और पूरे प्रदेश में सात हजार वायल की डिमांड हर दिन हो रहा है। पटना को प्राथमिकता के आधार पर दवा आपूर्ति की जा रही है, जबकि अन्य जिलों को भी पांच-सात फीसद आपूर्ति की जा रही है।
दवा की कीमत हुई कम
राज्य औषधि नियंत्रक रविंद्र कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देश के आलोक में दवा कंपनियों ने रेमेडेसिविर की दाम में कटौती की है। इसके कारण आपूर्ति में नया बैच ही भेजना होगा। इसी कारण आपूर्ति में परेशानी आ रही है। उन्होंने बताया कि 5400 रुपये में मिलने वाले वायल की कीमत अब 3490 हो गई है, जबकि 2800 वाले की कीमत अब 899 रुपये अधिकतम एमआरपी है। एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने पर संबंधित दुकानों पर कार्रवाई तय की जाएगी। सबसे कम दवा की कीमत जायडस कैडिला का 899 रुपये एक वाइल का चार्ज है।
केमिस्ट एसोसिएशन ने की आपूर्ति बढ़ाने की मांग
बिहार केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष परसन कुमार सिंह व महासचिव प्रदीप कुमार चौरसिया ने दवा कंपनियों से महामारी को देखते हुए बिहार में आपूर्ति बढ़ाने की मांग की है। कहा कि इस विषय परिस्थिति में वह राज्य को अपेक्षित सहयोग करें। यदि ऐसा नहीं करते हैं तो दवा दुकानदार इन कंपनियों को भविष्य में अपेक्षित सहयोग नहीं करेंगे।