आरा में पुलिस फाइल में मृत महिला कोर्ट पहुंची, जज साहब से बोली, मैं जिंदा हूं...

बिहार के आरा में एक ऐसी महिला सामने आई है जिसकी हत्‍या का मामला उसके पति और ससुराल वालों पर दर्ज है। महिला के भाई ने दहेज हत्‍या का मामला दर्ज कराया था। पुलिस की सक्रियता से इस मामले में निर्दोष लोग सजा से बच गए।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Sat, 09 Jan 2021 07:37 AM (IST) Updated:Sat, 09 Jan 2021 02:04 PM (IST)
आरा में पुलिस फाइल में मृत महिला कोर्ट पहुंची, जज साहब से बोली, मैं जिंदा हूं...
आरा कोर्ट में आया एक सनसनीखेज मामला। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

आरा, जागरण संवाददाता। भोजपुर जिले में जिस महिला की हत्या को लेकर थाने से कोर्ट तक मुकदमा चल रहा था, उसने अचानक जिंदा पहुंच सब को अचंभित कर दिया। पुलिस की फाइलों में मृत महिला ने आरा कोर्ट में उपस्थित होने के बाद जज साहब  के समक्ष कहा कि मैं जिंदा हूं...। मेरे पति और बच्चे भी हैं। आरा नवादा थाना पुलिस महिला को लेकर कोर्ट पहुंची थी। महिला की दहेज के लिए हत्या कर शव ठिकाने लगाने का केस उसके भाई के आवेदन पर दर्ज किया गया था। जांच में जुटी पुलिस ने उसे दिल्ली से जिंदा बरामद कर यहां लाई है।  शुक्रवार को कोर्ट में उसका बयान दर्ज कराया गया। महिला के बयान के बाद दहेज हत्या के इस मामले में नया मोड़ आ गया है।  

महिला बोली, पति ने रचाई दूसरी शादी तो उसने भी कर लिया विवाह

बरामद महिला शारदा देवी आरा नवादा थाना के पूर्वी गुमटी के लख निवासी अरूण महतो की पत्नी है। सूत्रों के अनुसार अरूण महतो मूल रूप से पीरो थाना क्षेत्र के गोविंद टोला  (बह्मवार ) की निवासी है। महिला के भाई विनोद महतो द्वारा पिछले साल दिसंबर माह आरा में नवादा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई  गई थी। एसपी हर किशोर राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की गहराई से छानबीन की जा रही थी। इसी क्रम में महिला के दिल्ली में होने की सूचना मिली थी। उस आधार पर एक टीम दिल्ली गई और महिला को जिंदा बरामद कर लिया गया। उसके बाद शुक्रवार को कोर्ट में उसका बयान दर्ज कराया गया। इससे पहले महिला थानाध्यक्ष द्वारा भी उसका बयान रिकॉर्ड किया गया। इधर, बयान दर्ज कराने कोर्ट पहुंची महिला ने बताया कि पति ने उसे छोड़ दूसरी शादी रचा ली। उसके बाद उसने भी दूसरा ब्याह कर लिया।

पति सहित चार के विरुद्ध दर्ज कराया गया था हत्या का केस

भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव निवासी और शारदा देवी के भाई विनोद महतो ने कोर्ट में परिवाद पत्र दाखिल किया था। कोर्ट के आदेश पर 11दिसंबर 2020 को नवादा थाने में दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में शारदा देवी के पति के अलावे जेठ मास्टर महतो, जेठानी सरिता देवी और भतीजा विकास महतो को भी आरोपित किया गया था। प्राथमिकी में कहा गया था कि करीब 15 साल पहले उसकी बहन शारदा की शादी अरूण महतो के साथ हुई थी। तब सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया गया था। उसके बावजूद शारदा के ससुराल वालों द्वारा भैंस की मांग की जाने लगी। इसे लेकर उसे प्रताड़ित भी किया जाने लगा। इस बीच मार्च 2020 में सूचना मिली कि उसकी बहन की पिटाई की गई है। इसके अगले दिन ही उसकी हत्या कर शव गायब करने की भी सूचना मिली। इस पर वह बहन के ससुराल पहुंचा, तो वह नहीं मिली। उसके ससुराल के लोग भी गायब मिले। उसके बाद केस किया गया।

chat bot
आपका साथी