Heavy Rains Bihar: बिहार में डूबने से 48 घंटे में 26 की गई जान, गिरियक नदी में फंसे हैं 6 बच्‍चे

बिहार में बारिश व बाढ़ से लाेग तबाह हैं। बाढ़ के पानी में लोग नहाने से बाज नहीं आ रहे हैं। 48 घंटे में बाढ़-बारिश से 26 लोगों की जान चली गई है।

By Rajesh ThakurEdited By: Publish:Fri, 27 Sep 2019 07:30 PM (IST) Updated:Sat, 28 Sep 2019 09:35 PM (IST)
Heavy Rains Bihar: बिहार में डूबने से 48 घंटे में 26 की गई जान, गिरियक नदी में फंसे हैं 6 बच्‍चे
Heavy Rains Bihar: बिहार में डूबने से 48 घंटे में 26 की गई जान, गिरियक नदी में फंसे हैं 6 बच्‍चे

पटना, जेएनएन। Heavy Rains Bihar: बिहार में बारिश व बाढ़ से लाेग तबाह हैं। 48 घंटे में बिहार में 26 लोगों की जान चली गई है। दूसरी ओर, नालंदा की पंचाने नदी में आई भीषण बाढ़ में इलाके के 6 बच्‍चे फंस गए हैं। इसकी जानकारी मिलते ही प्रशासन अलर्ट हो गया है। बताया जाता है कि गिरियक कतरीसराय सीमावर्ती इलाके में पंचाने नदी में अचानक पानी आया। इसमें सभी 6 बच्चे पानी के बीच फंस गए हैं। प्रशासन बचाव कार्य में जुट गया है।

पटना के कदमकुआं काली मंदिर के पास शनिवार सुबह करंट की चपेट में आकर किशोर राजा की मौत हो गई। इसी तरह, पूर्णिया के जानकीनगर में दीवार गिरने से एक की मौत हो गई। समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के छक्कन टोली गांव में बारिश के दौरान दीवार गिरने से अधेड़ की मौत हो गई। गया में परैया के मुबारकपुर गांव में घर की दीवार गिरने से मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि पिता की हालत गंभीर है। भभुआ में शुक्रवार रात दीवार गिरने से 65 वर्षीया मुखिया कुंअर और 14 वर्षीया सविता कुमारी की मौत हो गई। शनिवार को शनिवार को मिट्टी का घर गिरने से छह वर्षीय शिवम कुमार की मौत हो गई। 

बेगूसराय में शनिवार को एक वृद्ध और एक किशोर की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। बाढ़ प्रभावित शाम्हो प्रखंड के सलहा निवासी कारू यादव का 13 वर्षीय भांजा अमन कुमार उर्फ घुट्टर कुमार व नयांगाव थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव निवासी 60 वर्षीय रामाशीष राय की मौत बाढ़ के पानी में डूबने से हुई है।

गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र के भितभेरवां गांव की हरिजन टोली में दोपहर मवेशियों के लिए चारा काटकर लौटी दो महिलाओं पर बिजली का तार टूटकर गिर गया। करंट की चपेट में आने से दोनों  अचेत हो गईं। शिवजी साह की पत्नी सुभावती देवी तथा सुभाष साह की पत्नी गुलाबझरी देवी चारा काटने गई थीं। दोनों महिलाओं को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने सुभावती देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गुलाबझरी देवी की हालत नाजुक है।

सारण के पानापुर थाना क्षेत्र के रामपुररुद्र गांव में सुबह करंट की चपेट में आ जाने से आठ वर्षीय भरत साह के पुत्र ललन कुमार की मौत हो गई। भोजपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड के धनगाई थाना क्षेत्र के दलीपपुर गांव में करंट से धर्मेंद्र कुमार  (18) की मौत हो गई। वहीं आरा नवादा थाना क्षेत्र के मिल्की अनाईठ मोहल्ला में बुजुर्ग मंसूर आलम झुलस गया। भोजपुर जिले में डूबकर मरे किशोर समेत दो लोगों का शव बरामद किया गया। बड़हरा प्रखंड के सिन्हा ओपी क्षेत्र के सिन्हा भागड़ में सोना राम (62) की गहरे गड्ढे में डूब जाने से उसकी मौत हो गई। आरा टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटकी सिंगही नदी में नहाने के दौरान डूबे छात्र मो. सना (15 ) का शव बरामद किया गया। वह बलबतरा गांव निवासी मो.समद का पुत्र था। 

मधुबनी में दो बहनों की मौत 

बता दें कि मधुबनी में शनिवार को दो बहनों की डूबने से मौत हो गई। हादसा रहिका थाना क्षेत्र की जगतपुर पंचायत के बरैयाटोल में हुआ है। दोनों बहनें सड़क किनारे गड्ढे में डूब गईं। गड्ढे में बारिश का पानी भरा था। दोनों की पहचान विकास मिश्र की पुत्रियां  प्रगति कुमारी (12) व वृद्धि कुमारी (8) के रूप में हुई है।

लाखो गांव के निकट तीन बच्‍चे डूबे

गौरतलब है कि बेगूसराय में शुक्रवार को पांच बच्‍चों की मौत हो गई थी। पहली घटना लाखो थाना क्षेत्र में हुई, जबकि दूसरी घटना मंसूरचक में दोपहर बाद हुई। लाखो थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। हादसा स्कूल की छुट्टी के बाद खेल-खेल में गड्ढे में नहाने के दौरान हुआ। मृतक बच्चों की पहचान लाखो ओपी थाना क्षेत्र शाहपुर निवासी राणा सिंह के पुत्र आदित्य राज(10), भूखो चौधरी के पुत्र दीना कुमार (9) व नन्हे कुमार पंडित के पुत्र अमन पंडित (9) के रूप में हुई। तीनों बेसिक स्कूल शाहपुर के छात्र थे। अादित्य पांचवीं तो अमन और दीना चौथी कक्षा के छात्र थे। बताया जाता है कि शुक्रवार को जिले में हो रही भारी बारिश के कारण तीनों भींगकर स्कूल पहुंचे थे। तीनों को भींगा देख शिक्षक ने उन्‍हें छुट्टी दे दी और सीधे घर जाने को कहा। लेकिन तीनों लौटने के दौरान बारिश के जमा पानी में नहाने चले गये। गहराई का अंदाजा नहीं रहा और तीनों मौत के मुंह में समा गए।

मंसूरचक में नहाने के दौरान डूबने से दो की मौत 

बच्‍चों के डूबने की दूसरी घटना भी बेगूसराय में ही हुई। बताया जाता है कि मंसूरचक थाना क्षेत्र अंतर्गत समसा पंचायत 2 के आगापुर गांव निवासी महादेव पासवान के पुत्र रवि कुमार (12 वर्ष) एवं हरेराम पासवान के पुत्र दीपक कुमार (13 वर्ष) की डूबने से मौत हो गई। बताया जाता है कि स्नान करने के लिए नहर में 4 स्कूली छात्र एक साथ गए थे। इनमें से दो छात्रों की मौत डूबकर हो गई। वहीं एक छात्र उमेश राय के पुत्र मुन्‍ना कुमार की हालत चिंताजनक बनी हुई है। दाेनों शवों को बरामद कर लिया गया है। 

आरा, जहानाबाद, कटिहार में चार की मौत 

डूबने से मौत की घटना आरा व जहानाबाद जिलों में भी हुई है। बताया जाता है कि आरा के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटकी सिंहनी पुल के निकट 14 वर्ष के किशोर की मौत डूबने से हो गई। उसकी पहचान नहीं हो पाई है, जबकि दूसरी घटना बड़हरा के गुंडी गांव के निकट हुई है। गुंडी गांव में बाढ़ के पानी में नहाने के लिए 18 वर्षीय जय प्रकाश महतो उतरे थे, लेकिन गहराई का अंदाजा नहीं रहा। डूबने से उनकी मौत हो गई। इसी तरह, जहानाबाद में भी डूबने से एक युवक की मौत हो गई है। उधर कटिहार के सहजा पंचायत के अंतर्गत कास्तहाबर गांव निवासी मु. वहाब अली के दो वर्षीय पुत्र मु. इसराइल की बाढ़ के पानी मे डूबने से मौत हो गई। बालक खेलने के दौरान घर के समीप फैले बाढ़ के गहरे पानी में चला गया। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों के सहयोग से खोजबीन के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी विनय कुमार मौके पर पहुंचे। सीओ ने कहा कि बालक की मौत की सूचना वरीय अधिकारी को दी गयी है। निर्देश मिलते ही मृतक के परिजन को मुआवजा दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी