रालोसपा ने उपेन्द्र को बनाया अपना सीएम उम्मीदवार

By Edited By: Publish:Thu, 18 Sep 2014 10:44 AM (IST) Updated:Thu, 18 Sep 2014 10:44 AM (IST)
रालोसपा ने उपेन्द्र को बनाया अपना सीएम उम्मीदवार

पटना : राष्ट्रीय लोक समता पार्टी ने केन्द्रीय राज्यमंत्री उपेन्द्र कुशवाहा को पार्टी की तरफ से बिहार का अगला मुख्यमंत्री घोषित किया है। पार्टी का दावा है कि उपेन्द्र कुशवाहा ही लालू-नीतीश के महागठबंधन को उखाड़ सकते हैं। कारगिल चौक राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के नेता काउंटर लगा लोगों को पार्टी की सदस्यता दिला रहे थे। नए सदस्यों को बताया जा रहा था कि उपेन्द्र कुशवाहा बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे। पार्टी की तरफ से मंगलवार को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में सदस्यता अभियान चलाया गया। जिसकी शुरुआत पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद अरुण कुमार और सदस्यता अभियान के प्रभारी व पूर्व विधायक ललन पासवान ने की। पटना महानगर के संयोजक उपेन्द्र पासवान सदस्यता अभियान की अध्यक्षता कर रहे थे। अरुण कुमार ने कहा कि वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार की पोषक है। नीतीश कुमार जंगलराज वाली पार्टी के साथ समझौता कर बिहार की जनता के प्रति अपनी मंशा स्पष्ट कर दिये हैं। ललन पासवान ने कहा कि एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य है। चलें गांव की ओर के संकल्प के साथ एक बूथ 15 यूथ का लक्ष्य दिया गया है। प्रखंड मुख्यालयों में 24 अगस्त को काउंटर लगाकर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में रालोसपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. जगन्नाथ गुप्ता, शंभु नाथ सिन्हा, शंभु कुशवाहा, नागेश्वर सिंह स्वराज, रामविनोद सिंह, नरेश महतो, अभिषेक रंजन, अनिल यादव, मनीष शर्मा, मनोज यादव, प्रो. विजय कुशवाहा, उमेश निषाद आदि ने भाग लिया।

chat bot
आपका साथी