जमुंदहा गांव से तीन नक्सली गिरफ्तार

जिले के रजौली थाना क्षेत्र के जमुंदाहा गांव में गुरुवार तड़के पुलिस और एसएसबी की टीम ने छापेमारी कर वर्षों से फरार चल रहे तीन नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 May 2020 09:33 PM (IST) Updated:Thu, 21 May 2020 09:33 PM (IST)
जमुंदहा गांव से तीन नक्सली गिरफ्तार
जमुंदहा गांव से तीन नक्सली गिरफ्तार

जिले के रजौली थाना क्षेत्र के जमुंदाहा गांव में गुरुवार तड़के पुलिस और एसएसबी की टीम ने छापेमारी कर वर्षों से फरार चल रहे तीन नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें जमुंदाहा निवासी खड़धारी सिंह, राजकुमार सिंह व सरपंच सिंह शामिल हैं। छापेमारी टीम का नेतृत्व एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट जयंत वोरा ने किया। उन्होंने बताया कि एसएसबी के कमांडेंट राजेश कुमार के निर्देश पर रजौली थानाध्यक्ष सुजय विद्यार्थी के सहयोग से जमुंदहा गांव में कार्रवाई की गई। पुलिस पर हमला करने के मामले में तीनों फरार चल रहे थे। पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। क्या है मामला

- 28 मार्च 2008 में रजौली पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के जमुंदाहा के जंगलों में नक्सलियों के द्वारा अफीम की खेती की जा रही है। सूचना के आलोक में उक्त स्थान पर छापेमारी के लिए तत्कालीन एसपी के नेतृत्व में पुलिसबल के जवानों के साथ टीम बनाई गई थी। जैसे ही गांव के नजदीक टीम पहुंची, अफीम की खेती कर रहे हथियारबंद नक्सलियों द्वारा फायरिग शुरू कर दी गई थी। पुलिस ने मोर्चा संभाल जवाबी फायरिग शुरू कर दी। दोनों तरफ से दर्जनों राउंड गोलियां चलीं थीं। जिसके बाद नक्सली वहां से भाग खड़े हुए थे। पुलिस ने सभी अफीम के पौधे को मौके पर ही नष्ट कर दिया था। इसी मामले में तीनों नामजद नक्सली फरार चल रहे थे। लगातार चलाया जा रहा अभियान

- जिला पुलिस, एसएसबी व एसटीएफ द्वारा इन दिनों लगातार नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुराने कैडरों को ढूंढ-ढूंढ कर गिरफ्तार किया जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि इन दिनों नक्सली कमांडर प्रद्युम्न शर्मा नक्सली संगठन के पुराने सदस्यों को फिर से संगठन में जगह देकर उन्हें एक्टिव करने के लिए संपर्क साधने में लगा हुआ है। नक्सली कमांडर की हरेक चाल को मात देने के लिए खुफिया विभाग एक्टिव है। इसी वजह से पुराने केस के आरोपित नक्सलियों की धर-पकड़ तेज कर दी गई है, ताकि नक्सली कमांडर अपने मंसूबों में कामयाब न हो सके। इसी कड़ी में 24 फरवरी को सिरदला थाना क्षेत्र के हेमजभारत से सुरेश पासवान को गिरफ्तार किया गया था। 4 मार्च को रजौली थाना क्षेत्र के मंगोडीह से अवधेश यादव को व 20 मई को मंगोडीह गंगटीया से तुलसी यादव को गिरफ्तार किया गया था।

chat bot
आपका साथी