पहरेदार घर के बाहर 'जागते रहो' चिल्लाते रहा, अंदर डकैतों ने लूट ली 20 लाख की संपत्ति

डकैतों ने नालंदा में बड़ी डकैती को अंजाम दिया है। खास बात कि घर के बाहर पहरेदार जागते रहो की हांक लगा रहे थे और अंदर डकैत घटना को अंजाम दे रहे थे।

By Rajesh ThakurEdited By: Publish:Fri, 18 Jan 2019 05:47 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jan 2019 05:47 PM (IST)
पहरेदार घर के बाहर 'जागते रहो' चिल्लाते रहा, अंदर डकैतों ने लूट ली 20 लाख की संपत्ति
पहरेदार घर के बाहर 'जागते रहो' चिल्लाते रहा, अंदर डकैतों ने लूट ली 20 लाख की संपत्ति

नालंदा [जेएनएन]। डकैतों ने नालंदा में बड़ी डकैती को अंजाम दिया है। खास बात कि घर के बाहर पहरेदार 'जागते रहो' की हांक लगा रहे थे और अंदर डकैत घटना को अंजाम दे रहे थे। मामला नालंदा के बिहार थाना क्षेत्र के मोहद्दीनगर का है। आराम से लगभग 10 की संख्या में आए डकैतों ने वृद्ध दंपती को बंधक बनाकर 20 लाख की सपंत्ति लूट ली। 

इतना ही नहीं, विरोध करने पर वृद्ध दंपती को पिस्टल के बट से मारपीट कर जख्मी कर दिया। लूटे गए सामानों में सोने-चांदी के जेवरात, चांदी के बरतन, 18 लाख नकद, एक लाइसेंसी दो नाली बंदूक, 13 जिंदा कारतूस व 1 मोबाइल शामिल हैं। घटना को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।

पीड़ि़त गृहस्वामी लाला श्रीश कुमार सिन्हा ने बताया कि रात के लगभग ढाई बजे 8 से 10 की संख्या में हथियार से लैस नकाबपोश डकैत घर के पीछे की दीवार के सहारे घर में घुस गए। घर में वृद्ध व उनकी पत्नी सुधा रानी वर्मा बाहर के कमरे में सो रहे थे। इसी बीच डकैत कमरे में घुस आए और पिस्टल का भय दिखाकर कैश व जेवर की मांग करने लगे। जब रुपए व जेवरात नहीं होने की बात कही, तो डकैतों ने पिस्टल के बट से हमलोगों पर हमला कर दिया और मुझे तो डकैतों ने लहूलुहान कर दिया।

इसके बाद भी डकैत वृद्ध का गला दबाए रहा। वहीं उनकी पत्नी को वे सब लगातार मार रहे थे। बदमाशों ने घर के तीन रूम में घुसकर आलमारी तोड़ डाला और उसमें रखे रुपये व गहने ले लिये और कपड़ों को बाहर फेंक दिया। लूटे गए समानों की कीमत लगभग 20 लाख रुपए है। 

इधर, घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी इमरान परवेज, थानाध्यक्ष अशोक कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की और घायल दंपती को सदर अस्पताल ले जाकर इलाज करवाया। जांच में कुछ चेहरे संदिग्ध हैं, जिन पर पुलिस की नजर है। गृहस्वामी के बयान पर अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित के पुत्र सुधांशु कुमार एनजीओ में काम करते हैं। गुरुवार की सुबह वह अपनी पत्नी के साथ शादी की रस्म में भाग लेने यूपी के गोरखपुर गए हुए थे।

chat bot
आपका साथी