बंधे हाथ-मुंह, घायल जिस्म, खून से सने कपड़े और बेजान शरीर, पांच घंटे बाद होश में आई थी सीतामढ़ी की निर्भया

सोनबरसा में नाबालिग लड़की के साथ गांव के ही दो युवकों ने किया घिनौना काम पीड़िता की शादी उनमें से एक से कराने की चल रही थी तैयारी। आरोपित मुकरा। लोकलाज के चलते लड़की की शादी उसमें से एक लड़के से करा देने को कहा गया। स्वजन भी मान गए।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Sun, 04 Oct 2020 02:51 PM (IST) Updated:Mon, 05 Oct 2020 11:33 AM (IST)
बंधे हाथ-मुंह, घायल जिस्म, खून से सने कपड़े और बेजान शरीर, पांच घंटे बाद होश में आई थी सीतामढ़ी की निर्भया
मदरसा से पढ़ाई करके घर वापस आते समय आरोपितों ने दिया घटना को अंजाम।

सीतामढ़ी, जेएनएन। यूपी के हाथरस में दलित लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के शोर के बीच सीतामढ़ी में पांच दिनों के अंदर नाबालिग लड़की से सामूहिक रूप से घिनौना काम किए जाने की दूसरी घटना सामने आई है। यह सोनबरसा में हुई है। नाबालिग से दो लड़कों ने सामूहिक रूप से गंदा काम किया। पीड़िता की हालत नाजुक है। उसको स्थानीय अस्पताल ने बेहतर इलाज के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया है। 14 साल की लड़की के साथ गांव के ही दो युवकों ने ऐसा काम किया। घटना गुरुवार की बताई जा रही है। 

पंचायती में मामला रफा-दफा करने का सुझाव

रविवार को पीड़िता काे सोनबरसा पीएचसी में भर्ती कराया गया। पीड़ित लड़की ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि गुरुवार की देर शाम मदरसा से पढ़ाई करके घर वापस लौट रही थी। उसके साथ भाई-बहन भी थे। घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में गांव के ही दो युवक-जुबैर राईन व नौशाद राईन ने पकड़कर मुंह बांध दिए। इसके बाद हाथ भी बांध दिया और बंसवारी में खींच कर ले गए। इसके बाद दोनों ने बारी-बारी से हवस का शिकार बनाया। इसी बीच उसके भाई ने जाकर अपने स्वजनों को इसकी सूचना दी। वह शोर मचाने लगा। जब स्वजन वहां पहुंचे तो आरोपित वहां से भाग चुका था। पीड़िता वहीं बेहोश पड़ी थी। उसे उठाकर सबने घर लाया। घटना की सूचना मुखिया को दी गई तो उसने पंचायती में मामला रफा-दफा करने का सुझाव दिया गया। लोकलाज के चलते लड़की की शादी उसमें से एक लड़के से करा देने को कहा गया। स्वजन भी मान गए। घटना के तीसरे दिन तक आरोपित पक्ष इसके लिए तैयार नहीं हुआ। वहीं लगातार रक्त स्राव होने से पीड़िता की स्थिति लगातार बिगड़ रही थी। तब अस्पताल लाया गया। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। अब कार्रवाई करने की तैयारी चल रही है। 

एसपी के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज, मुख्य आरोपित गिरफ्तार

सीतामढ़ी के एसपी अनिल कुमार ने कहा कि दुष्कर्म मामले में पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। मुख्य अभियुक्त जुबेर राईन को पुलिस की स्पेशल टीम ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है।

chat bot
आपका साथी