मुजफ्फरपुर में दिव्यांग महिला को घर से खींचकर बेरहमी से पीटा, एक हिरासत में
मुजफ्फरपुर। दहेज लोभियों द्वारा कांटी शुभंकरपुर की दिव्यांग महिला को घर से खींचकर बेरहमी से पिटाई की
मुजफ्फरपुर। दहेज लोभियों द्वारा कांटी शुभंकरपुर की दिव्यांग महिला को घर से खींचकर बेरहमी से पिटाई की गई। इसमें मंजू देवी घायल हो गई। बीच बचाव में आई उनकी मां धनवंती देवी और भाई के साथ भी आरोपितों ने जमकर मारपीट की। दिव्यांग महिला का आरोप है कि पानी में डूबाकर आरोपितों ने गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। शोरगुल पर स्थानीय लोग जुटे तो सभी आरोपित वहां से भाग निकले। इसके बाद महिला व अन्य को इलाज के लिए भेजा गया। फिर इसकी शिकायत महिला थाने में की गई। बताया गया कि पीड़िता का करीब तीन सालों से लालबाबू के साथ प्रसंग चल रहा था। इसके बाद आठ माह पूर्व दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद लालबाबू व उसके घरवाले दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिए। दो महीने पूर्व भी मंजू के साथ मारपीट कर घर से भगा दिया गया था। मामले में पीड़िता के बयान पर महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसमें पति लालबाबू समेत अन्य को आरोपित किया गया था। मामले में थाने स्तर से कार्रवाई नहीं होने पर वरीय पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद शुक्रवार की रात महिला थाने की पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी को छापेमारी की। इस दौरान आरोपित के घर से एक महिला को हिरासत में लिया गया। इसके बाद आरोपित पक्ष आक्रोशित हो गए और शनिवार की सुबह पीड़िता के घर पहुंचकर सभी के साथ मारपीट की। घर में तोड़फोड़ कर सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस का कहना है कि जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।