बिना करार निजी एजेंसी ने की विज्ञापन शुल्क की वसूली, तूल पकड़ा मामला

विज्ञापन शाखा की फाइल को लेकर जनप्रतिनिधि अधिकारी एवं कर्मचारियों में टकराव। टैक्स दारोगा ने उप नगर आयुक्त पर लगाया गाली-गलौज का आरोप।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Fri, 15 Mar 2019 03:05 PM (IST) Updated:Fri, 15 Mar 2019 03:20 PM (IST)
बिना करार निजी एजेंसी ने की विज्ञापन शुल्क की वसूली, तूल पकड़ा मामला
बिना करार निजी एजेंसी ने की विज्ञापन शुल्क की वसूली, तूल पकड़ा मामला

मुजफ्फरपुर, जेएनएन। विज्ञापन शाखा की फाइल को लेकर नगर निगम में चल रहे विवाद ने तूल पकड़ लिया है। निगम के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार विवाद के पीछे बिना करारनामा के निजी एजेंसी को विज्ञापन शुल्क वसूली का अधिकार दिया जाना बताया जा रहा है। यह आशंका महापौर ने प्रकट की है। हालांकि एजेंसी ने तय राशि निगम के खजाने में जमा करा दी है। नगर निगम द्वारा सितंबर 2018 में शहरी क्षेत्र से विज्ञापन वसूली का जिम्मा निविदा के माध्यम से निजी एजेंसी को दिया गया था।

   एजेंसी को 31 अगस्त 2019 तक वसूली का अधिकार दिया गया है। इसके मद में एजेंसी ने 85 लाख रुपये जमा कराए। पहले महापौर एवं फिर अपर नगर आयुक्त द्वारा संबंधित फाइल अवलोकन के लिए मांगे जाने के बाद नहीं दिए जाने पर महापौर ने उसमें अनियमितता की आशंका जताई थी। महापौर का कहना है कि आखिर फाइल को क्यों छिपाया जा रहा है? यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं है तो नगर आयुक्त फाइल को देने में आनाकानी क्यों कर रहे है? फिलहाल नगर आयुक्त निजी कारणों से अवकाश पर हैं। 

टैक्स दारोगा ने उप नगर आयुक्त पर लगाया गाली-गलौज का आरोप

विज्ञापन शाखा प्रभारी एवं टैक्स दारोगा उमेश कुमार गुप्ता ने उपनगर आयुक्त रणधीर लाल पर गाली-गलौज एवं प्रताडि़त करने का झूठा आरोप लगाया है। उन्होंने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। उप नगर आयुक्त ने बुधवार को टैक्स दारोगा पर विज्ञापन शाखा की फाइल छीनने एवं हाथापाई का आरोप लगाया था।

   टैक्स दारोगा ने अपने पत्र में कहा है कि नगर आयुक्त के निर्देश पर वह उप नगर आयुक्त से फाइल मांगने गया था ताकि एजेंसी से मिली जीएसटी की राशि को खजाने में जमा कराया जा सके। लेकिन उप नगर आयुक्त ने फाइल देने की जगह उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। फाइल का फोटो खिंचने लगे। उन्होंने उपनगर आयुक्त के साथ किसी प्रकार का गलत व्यवहार नहीं किया।

   उप नगर आयुक्त ने साजिश के तहत उनपर गलत आरोप लगाकर प्रतिष्ठा हनन किया है। उन्होंने कहा कि उनके साथ-साथ उनका पूरा परिवार सदमे में है। यदि मेरे साथ किसी प्रकार का हादसा होता है तो इसके लिए निगम प्रशासन जिम्मेवार होगा।

अधिकारियों के खिलाफ उतर सकता है कर्मचारी संघ

टैक्स दारोगा ने नगर निगम कर्मचारी संघ को उपनगर आयुक्त के साथ घटी घटना की जानकारी दी है और मदद की गुहार लगाई है। इसको लेकर संघ के नेताओं का कहना है कि वे मिली शिकायत की जांच कर रहे हैं। यदि अधिकारियों द्वारा कर्मचारी को फंसाने का प्रयास किया गया होगा तो संघ चुप नहीं बैठेगा और आंदोलन को बाध्य होगा।

अधिकारियों में नाराजगी, कर रहे कार्रवाई का इंतजार

उपनगर आयुक्त के साथ हाथापाई की घटना से निगम में प्रतिनियुक्त अधिकारियों में नाराजगी है। सभी कर्मचारियों के व्यवहार से खफा हैं। उप नगर आयुक्त आयुक्त टैक्स दारोगा पर कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।  

chat bot
आपका साथी