हंसी और ठहाकों की बरसात में खूब भींगे लोग

खुदीराम बोस खेल मैदान शनिवार को ठहाकों की बरसात का गवाह बना।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Feb 2017 02:15 AM (IST) Updated:Sun, 26 Feb 2017 02:15 AM (IST)
हंसी और ठहाकों की बरसात में खूब भींगे लोग
हंसी और ठहाकों की बरसात में खूब भींगे लोग

मुजफ्फरपुर। खुदीराम बोस खेल मैदान शनिवार को ठहाकों की बरसात का गवाह बना। हर उम्र, हर वर्ग के लोगों के चेहरे पर हंसी थी। ठहाकों के साथ तालियों से भी मैदान गूंज रहा था।

मौका था दैनिक जागरण द्वारा आयोजित 'कॉमेडी के दबंग' कार्यक्रम का। भाग-दौड़ व तनाव भरी जिंदगी से लोगों को दूर कर खुल कर हंसने का मौका मिला तो शहर भी खुल कर हंसा। लाफ्टर शो में जनप्रतिनिधि से लेकर अधिकारी, व्यवसायी से लेकर कर्मचारी हर वर्ग के लोग खुल कर हंसे, तालियां भी बजीं। काफी संख्या में लोग परिवार संग पहुंचे। समय से पूर्व ही मैदान दर्शकों से भर गया। हर किसी को जैसे हंसने-हंसाने की चाहत खींच लाई थी। बच्चे सबसे अधिक उत्साहित थे। उनके सामने कॉमेडी किंग थे, जिन्हें वे टीवी पर देखा-सुना करते हैं। कॉमेडी किंग सुनील पाल, एहसान कुरैसी, गौरव शर्मा व राजा एंड रेंचो को देखने और सुनने के लिए शहर व्याकुल था।

कमिश्नर तो दबंग खान है..

मंच पर आते ही अहसान कुरैशी छा गए। अनोखे अंदाज से उन्होंने दर्शकों की तालियां बटोरीं। चुटकीले अंदाज में सांसद, विधायक, कमिश्नर व डीएम को प्रणाम किया। 'कमिश्नर तो महान हें, वो छा गए हैं, यह तो दबंग खान हैं.' पढ़ा तो हर कोई ठहाके लगाने पर मजबूर हो गया। खुद कमिश्नर हंसी नहीं रोक पाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर भी अनोखे अंदाज में चुटकी ली। देश की अनेकता में एकता एवं धार्मिक सहिष्णुता की मिसाल बताई। 'यहां चेहरे नहीं इंसान पढ़े जाते हैं, मजहब नहीं ईमान पढ़े जाते हैं, यह देश इसलिए महान है, यहां एक साथ गीता व कुरान पढ़े जाते हैं.।'

गौरव शर्मा ने हंसने को किया मजबूर

कॉमेडी किंग गौरव शर्मा ने भी अपने अंदाज में दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मंच पर आते ही हंसी के एक के बाद एक बम फोड़े। दर्शक ठहाके लगा कर हंस पड़े, तालियां भी बजने लगीं।

राजा एंड रैंचो की जोड़ी ने मचाया धमाल

राजा एवं रैंचो की जोड़ी ने धमाल मचाया। दर्शकों ने ठहाकों व तालियों के साथ आंनद उठाया। सरकारी व्यवस्था, राजनीति पर चुटकीले प्रहार किए। दीवार फिल्म के एक डायलॉग का विभिन्न प्रसिद्ध कलाकारों की आवाज में प्रस्तुति दी। प्लेटफॉर्म से ट्रेन के खुलने से लेकर दूर तक जाने की आवाज निकाल कर लोगों का मनोरंजन किया।

कॉमेडी किंग के इंतजार में हर कोई रहा बेकरार

दैनिक जागरण के लाफ्टर शो कॉमेडी के दबंग में हास्य कलाकारों के इंतजार में दर्शक बेकरार दिखे। आयोजन को लेकर उमंग का आलम ऐसा था कि खुदीराम बोस खेल मैदान का कोना-कोना दर्शकों से पट गया था। हर कोई अपने चहेते कलाकारों को देखने के लिए बेताब। दर्शकों की नजरें कभी मंच, तो कभी अपनी घड़ी पर जाती थी। कलाकारों के मंच पर आते ही दर्शकों ने कुर्सियों से उठ तालियां बजा कर उनका स्वागत किया। दर्शकों में अपने चहेते कलाकारों की तस्वीर को अपने मोबाइल में कैद करने की भी होड़ रही।

chat bot
आपका साथी