West Champaran News: बेतिया विधायक रेणु देवी के उप मुख्यमंत्री बनाए जाने पर जिले में मना जश्न

West Champaran News सोमवार को जैसे ही उप मुख्यमंत्री के रूप में रेणु देवी के शपथ लेने की सूचना मिली लोग खुशी से झूमने लगे। भाजपा कार्यालय में उत्सव का माहौल एक दूसरे को मिठाई खिला मनाई खुशी। कई लोगों ने पटाखे फोड़ खुशी का इजहार किया।

By Murari KumarEdited By: Publish:Tue, 17 Nov 2020 09:44 AM (IST) Updated:Tue, 17 Nov 2020 11:11 AM (IST)
West Champaran News: बेतिया विधायक रेणु देवी के उप मुख्यमंत्री बनाए जाने पर जिले में मना जश्न
पटना में उप मुख्यमंत्री रेणु देवी का स्वागत करते भाजपा जिलाध्यक्ष दीपेंद्र सर्राफ व अन्य

पश्चिम चंपारण, जेएनएन। बेतिया विधायक रेणु देवी के उप मुख्यमंत्री बनाए जाने से जिले में हर्ष का माहौल है। रविवार से ही रेणु देवी को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने के कयास लगाए जा रहे थे। सोमवार को जैसे ही उप मुख्यमंत्री के रूप में रेणु देवी के शपथ लेने की सूचना मिली, लोग खुशी से झूमने लगे। रेणु देवी के सुप्रिया स्थित आवास पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि वे बेतिया में नहीं थी। कई लोगों ने पटाखे फोड़ खुशी का इजहार किया। रेणु देवी के उप मुख्यमंत्री बनाए जाने से लोगों ने शहर सहित जिले के चतुर्दिक विकास के सपने उड़ान भरने लगे हैं। शहर के गणमान्य लोगों ने सरकार के इस निर्णय पर खुशी जताते हुए कहा है कि बेतिया की बेटी उप मुख्यमंत्री बनी है। अब निश्चित रूप से बेतिया का कायाकल्प होगा। सरकार के बेटी बचाओ  बेटी पढ़ाओ अभियान को गति मिलेगी। 

भाजपा कार्यालय में मना जश्न

भाजपा नेता बेतिया विधायक रेणु देवी के उप मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा के बाद भाजपा कार्यालय में उत्सव सा माहौल है। इस खबर पर जिले के कई भाजपा नेता पार्टी कार्यालय में पहुंचे। यहां भाजपाइयों ने जमकर जश्न मनाया। मिठाई खिलाकर एक - दूसरे को बधाई दी। पार्टी नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल को धन्यवाद दिया। भाजपा के जिला महामंत्री गोल्डी जायसवाल ने कहा कि जिले से एकसाथ प्रदेश अध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री होना जिलेवासियों के लिए गौरव की बात है। मीडिया सह प्रभारी साधु गुप्ता ने कहा जिस तरह जिलेवासी भारतीय जनता पार्टी पर लगातार भरोसे जताते रहे है, उसके प्रतिफल  के रूप ये सम्मान जिले को मिला है। इसके लिए प्रदेश नेतृत्व व राष्ट्रीय नेतृत्व को जिला भाजपा धन्यवाद देती है। इस अवसर पर जिला मंत्री राजन सोनी, विभय रंजन चौबे, आशीष गुप्ता,प्रेमचन्द साह, रणधीर वर्मा, जितेंद्र ठाकुर सहित कई लोग मौजूद रहे। 

बढ़ेगी भाजपा की पैठ

रेणु देवी के उप मुख्यमंत्री बनाए जाने के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। पश्चिम चंपारण में भाजपा काफी मजबूत है। यहां की दोनों लोकसभा सीट पर एनडीए का कब्जा है। जबकि 9 विधानसभा सीटों में से 8 सीट पर भाजपा विधायक चुनाव जीते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि रेणु देवी के उप मुख्यमंत्री बनने के बाद पार्टी और मजबूत होगी। महिलाओं में पार्टी की जनाधार बढ़ेगी। इससे देश और सूबे में संदेश जाएगा कि भाजपा जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं का पूरा सम्मान करती है। 

रेणु देवी का उप मंत्री बनना बेतिया के लिए गौरव

जनता सिनेमा चौक के पान दुकानदार उमेश पटेल ने कहा कि रेणु देवी का उपमुख्यमंत्री बन्ना बेतिया के लिए गौरव की बात है। किराना व्यवसायी सूरज कुमार ने कहा कि हमारी विधायक अब उपमुख्यमंत्री बन गई है। इससे ज्यादा खुशी की बात कुछ हो ही नहीं सकती। आरएलएसवाई कॉलेज के सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ आरएन यादव ने कहा की निश्चित रूप से इसका असर क्षेत्र के विकास पर पड़ेगा। चिकित्सक डॉ श्याम नंदन शुक्ला ने कहा कि उम्मीद है कि रेणु देवी के उप मुख्यमंत्री बनने से बेतिया के कई समस्याओं से निजात मिल जाएगी। 

chat bot
आपका साथी