शिवहर में नई नवेली दुल्‍हन का मर्डर, पुल‍ि‍स ने सास को क‍िया गि‍रफ्तार

शिवहर में दहेज के लिए विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या। श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के भटहां गांव की वारदात। थाने में सास समेत आठ के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी। एक साल पूर्व पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना के सगहरी निवासी मुस्कान की हुई थी भटहां निवासी दीपक के साथ शादी।

By Dharmendra Kumar SinghEdited By: Publish:Fri, 19 Aug 2022 07:24 PM (IST) Updated:Fri, 19 Aug 2022 07:24 PM (IST)
शिवहर में नई नवेली दुल्‍हन का मर्डर, पुल‍ि‍स ने सास को क‍िया गि‍रफ्तार
दहेज के ल‍िए श‍िवहर में नवव‍िवाह‍िता की हत्‍या। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

शिवहर (डुमरी कटसरी) जासं। श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के भटहां गांव में मुस्कान कुमारी नामक 23 वर्षीया नवविवाहिता की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। शव को ठिकाने लगाने से पूर्व ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सास विभा देवी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव को मृतका के स्वजनों को सौंप दिया है। घटना की बाबत मुस्कान कुमारी की मां पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना के सगहरी गांव निवासी सीमा देवी के आवेदन पर थाने में दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें मृतका के पति भटहां निवासी दीपक सिंह व सास सीमा देवी समेत आठ को आरोपित किया गया है।

पुलिस ने सास विभा देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बताया गया हैं कि, पूर्वी चंपारण जिले के सगहरी निवासी चंद्रभूषण सिंह ने तकरीबन एक साल पूर्व अपनी पुत्री मुस्कान कुमारी की शादी शिवहर जिले के श्यामपुर भटहां थाना के भटहां गांव निवासी दीपक सिंह के साथ की थी। शादी के वक्त चंद्रभूषण सिंह ने अपनी पुत्री और दामाद को पर्याप्त उपहार दिए थे। शादी के कुछ समय बाद तक सबकुछ ठीकठाक रहा। इसी बीच मुस्कान गर्भवती हो गई। इसके बाद पति व सास समेत ससुरालियों ने मुस्कान पर मायका से दहेज में पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जाने लगा। इन्कार करने पर उसकी पिटाई की जाती रही। बाद में मुस्कान पर प्रताड़नाओं का अंतहीन सिलसिला जारी रहा। इसी क्रम में गुरुवार की रात मुस्कान कुमारी की बेरहमी से पिटाई की गई।

लाठी-डंडों तथा धारदार हथियार के प्रहार से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई। मृतका गर्भवती थी। पड़ोसियों से मिली सूचना के बाद मायका वालों ने श्यामपुर भटहां थाना पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष विजय यादव के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने शव को कब्जे में ले लिया। वहीं मौके से सास को गिरफ्तार कर लिया। जबकि, पुलिस को देखते ही अन्य आरोपित फरार हो गए। पुलिस ने सास को उस वक्त दबोचा जब वह अपने स्वजनों के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाने की तैयारी में थी। शुक्रवार को शिवहर पहुंची मृतका की मां ने श्यामपुर भटहां थाने में दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई। साथ ही बेटी का शव लेकर स्वजनों के साथ चंपारण को रवाना हुई। थानाध्यक्ष विजय यादव ने बताया कि, मृतका मुस्कान कुमारी की मां सीमा देवी के आवेदन पर थाने में दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतका की सास विभा देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी है।

chat bot
आपका साथी