अहियापुर में युवक की हत्या पर भड़का आक्रोश, जीरो माइल में सड़क जाम, बंद रहीं दुकानें Muzaffarpur News

सड़क पर आगजनी कर लोगों ने पुलिस पर लगाया उदासीनता का आरोप कहा- पुलिस सक्रिय होती तो नहीं होती सानू की हत्या। सड़क किनारे की दुकानों को आंदोलनकारियों ने कराया बंद।

By Murari KumarEdited By: Publish:Sat, 18 Jan 2020 10:40 PM (IST) Updated:Sat, 18 Jan 2020 10:40 PM (IST)
अहियापुर में युवक की हत्या पर भड़का आक्रोश, जीरो माइल में सड़क जाम, बंद रहीं दुकानें Muzaffarpur News
अहियापुर में युवक की हत्या पर भड़का आक्रोश, जीरो माइल में सड़क जाम, बंद रहीं दुकानें Muzaffarpur News

मुजफ्फरपुर, जेएनएन। अहियापुर- अखाड़ाघाट रोड में शुक्रवार की रात हुई साधुगाछी शेखपुर निवासी अरविंद शरण के पुत्र विनीत कुमार उर्फ सानू की मौत के खिलाफ लोगों का आक्रोश शनिवार को भड़क गया। हत्या की वारदात से नाराज लोगों ने जीरो माइल - अखाड़ाघाट मार्ग पर आगजनी कर सड़क जाम कर दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। लोगों के आक्रोश को देखते हुए इस मार्ग में स्थित दुकानें बंद रहीं।

 लोग घटना में शामिल बदमाशों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। आरोप लगा रहे थे कि हत्या के पीछे पुलिस की उदासीनता बड़ी वजह रही। लोगों का कहना था कि सानू की ओर से हत्या की आशंका को लेकर लगातार पुलिस के पास शिकायत की जा रही थी। लेकिन, इसे पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से नहीं लिया। 

 आंदोलन के कारण घंटों इस मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। इस कारण वाहनों की लंबी लाइन लग गई। राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बीच घटना की सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार सिंह व नगर पुलिस उपाधीक्षक रामनरेश पासवान के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से घटना की बाबत पूरी जानकारी ली। फिर उनकी मांगों को सुना। बाद में हत्यारों की गिरफ्तारी अविलंब सुनिश्चित कराने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। 

मां ने दर्ज कराई प्राथमिकी 

इस सिलसिले में हत्यारों के शिकार हुए युवक विनीत कुमार उर्फ सानू की मां रेखा शरण के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। रेखा ने पुलिस को हत्या में लिप्त लोगों के बारे में विस्तार से पुलिस को जानकारी दी है। इस आधार पर पुलिस छापेमारी कर रही है। 

काफी क्लोज रेंज से सिर में मारी गई गोली 

प्रारंभिक जांच में यह बात साफ हो गई है कि बदमाशों ने काफी क्लोज रेंज से सानू के सिर में गोली मारी है।  पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी काफी नजदीक से गोली मारने की बात सामने आई है।  गोली बाईं तरफ सिर में मारी गई। यह सिर को छेदते हुए बाहर निकल गई। 

पहले भी सानू पर चली थी गोली, छोटे भाई के साथ की गई थी मारपीट 

बताते हैैं कि विनीत कुमार उर्फ सानू दो भाई एवं एक बहन था। इससे पहले उसकेभाई के साथ भी सरेआम मारपीट की गई थी। साथ ही घर पर चढ़कर तोडफ़ोड़ की गई थी। उस दिन सानू पर भी गोली चलाई गई थी। इन सभी घटनाओं का शिकायत अहियापुर थाना में दर्ज कराई गई थी। 

यह है घटनाक्रम  

याद रहे कि विनीत कुमार उर्फ सानू को शुक्रवार की रात करीब 10 बजे बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने जीरो माइल-अखाड़ाघाट मार्ग में गोली मार दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश जीरोमाइल की ओर भाग निकले थे। स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे एसकेएमसीएच लाया गया। जहां चिकित्सकों ने देखने के साथ उसे मृत घोषित कर दिया। 

सीतामढ़ी के नानपुर का मूल निवासी था युवक, पिता रोसड़ा कोर्ट में हैं पेशकार 

स्वजनों के अनुसार सानू सीतामढ़ी जिले के नानपुर का मूल निवासी था। उसके पिता ने कई साल पहले यहां के साधुगाछी शेखपुर में अपना आवास बनाया था। पिता अरविंद शरण समस्तीपुर के रोसड़ा कोर्ट में पेशकार हैैं। बताते हैैं कि युवक का कई पुलिस अधिकारियों से बेहतर संबंध था। 

इस बारे में नगर पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार सिंह ने कहा कि 'हत्याकांड की जांच चल रही है। हत्यारों की पहचान की गई है। समय रहते सभी की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराई जाएगी।Ó

chat bot
आपका साथी